जयपुर के बगरू इलाके के रामपुरा कंवरपुरा गांव के सरकारी स्कूल में शुक्रवार को उस वक्त हंगामा हो गया, जब CJP के को-कन्वीनर आशुतोष रांका अपनी टीम के साथ स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे. स्कूल की जर्जर हालत को देखने पहुंची टीम का ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट हो गई. इसके बाद CJP कार्यकर्ताओं को गांव से बाहर जाना पड़ा. आरोप है कि इस दौरान उनकी गाड़ियों पर भी पथराव किया गया.

सुबह से ही चल रहा था विवाद

दरअसल, यह विवाद सुबह से ही शुरू हो गया था. करीब 8 बजे CJP कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की हुई थी. इसके बाद ग्रामीणों ने CJP टीम को गांव से बाहर कर दिया. मामला यहीं नहीं रुका और नाराज ग्रामीण स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए. इसके साथ ही उन्होंने मुख्य रास्ते पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर रास्ता भी रोक दिया.

ग्रामीणों ने लगाया राजनीति करने का आरोप

इसके बाद ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने CJP टीम पर आरोप लगाए. उनका कहना है कि स्कूल की मरम्मत के लिए सरकार पहले ही 12.50 लाख रुपये मंजूर कर चुकी है और अब इसे अपने स्तर पर ठीक कराया जाएगा. ग्रामीणों का आरोप है कि CJP नेता स्कूल की समस्या देखने के बहाने राजनीति करने और माहौल खराब करने पहुंचे थे. इसी वजह से उन्होंने टीम का विरोध किया.

जर्जर भवन के कारण बाड़े में पढ़ रहे बच्चे

वहीं, स्कूल की इमारत की हालत इतनी खराब है कि बच्चों को फिलहाल पास के एक बाड़े में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है. इसी समस्या को देखने के लिए CJP की टीम शुक्रवार को स्कूल पहुंची थी. टीम का जयपुर के दो सरकारी स्कूलों का दौरा कर वहां की शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों की स्थिति का जायजा लेने का कार्यक्रम था.

अभिजीत दीपके ने एक्स पर किया पोस्ट

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिजीत दीपके ने लिखा, “आशुतोष पर BJP के गुंडों ने राजस्थान में हमला किया है.”

https://x.com/abhijeet_dipke/status/2090667144208060563?s=20

क्या बोले आशुतोष?

कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी के बाद आशुतोष ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि गांव में मौजूद लोग असल में ग्रामीण नहीं थे, बल्कि उन्हें BJP ने बुलाया था. उन्होंने दावा किया कि इन्हीं लोगों ने CJP कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की और विरोध किया.

https://x.com/AshutoshRanka/status/2090641208486080705?s=20
 

"जयपुर के बगरू इलाके के रामपुरा कंवरपुरा गांव के सरकारी स्कूल में शुक्रवार को उस वक्त हंगामा हो गया, जब CJP के को-कन्वीनर आशुतोष रांका अपनी ट…"