भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिल्ली में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है, केंद्रीय राज्य मंत्री व पूर्वी दिल्ली सांसद हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली BJP का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनके नाम की घोषणा की है. लम्बे समय से दिल्ली BJP में संगठनात्मक बदलाव की बातचीत चल रही थी.
कौन हैं हर्ष मल्होत्रा?
हर्ष मल्होत्रा ने अपनी शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय की हंसराज कॉलेज से की है. वो पिछले 30 सालों से राजनीति और संगठन में सक्रिय हैं. उन्होंने पार्षद से लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री तक का सफ़र तय किया है. साल 2024 के लोकसभा चुनाव में वह पहली बार पूर्वी दिल्ली से सांसद बने थे.
BJP ने उन्हें क्रिकेटर और पूर्व सांसद गौतम गंभीर की जगह उम्मीदवार के तौर पर उतारा था. उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप कुमार को 93,663 वोटों के बड़े अंतर से हराया था. हर्ष मल्होत्रा को कुल 6,64,819 वोट मिले थे. इसके बाद केंद्र सरकार में उन्हें कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई.
हर्ष मल्होत्रा का दिल्ली की स्थानीय राजनीति में भी लंबा अनुभव रहा है
मल्होत्रा साल 2012 में वेलकम वार्ड से पार्षद चुने गए थे. उसके बाद साल 2015-16 में वह पूर्वी दिल्ली नगर निगम (EDMC) के मेयर भी रहे. इसके अलावा BJP में भी उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं. वह युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और दिल्ली BJP के महासचिव जैसे पदों पर काम कर चुके हैं.
पंजाब चुनाव को ध्यान में रखकर फैसला?
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि BJP ने यह फैसला सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर भी लिया है. हर्ष मल्होत्रा पंजाबी समुदाय से आते हैं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं. माना जा रहा है कि उनका अनुभव और सामाजिक पकड़ दिल्ली के साथ-साथ पंजाब की राजनीति में भी BJP को फायदा पहुंचा सकती है.
समर्थकों में खुशी का माहौल
हर्ष मल्होत्रा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर है. उनके नवीन शाहदरा स्थित घर के बाहर समर्थकों ने एक दूसरे को मिठाई खिला कर जश्न मनाया.
BJP अब दिल्ली में संगठन को और मजबूत करने की तैयारी में जुटी है. पार्टी ऐसे नेताओं को आगे ला रही है जिनकी पकड़ जमीन से लेकर संगठन तक मजबूत हो. हर्ष मल्होत्रा की नियुक्ति को भी BJP की इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है
"भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिल्ली में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है, केंद्रीय राज्य मंत्री व पूर्वी दिल्ली सांसद हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली B…"
