बिहार सरकार ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स के लिए बड़ा ऐलान किया है. राज्य कैबिनेट ने बिहार सोशल मीडिया नीति में संशोधन को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद क्रिएटर्स को अपनी वीडियो के जरिए पहले से ज्यादा कमाई का मौका मिलेगा.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए इस फैसले के तहत अब सोशल मीडिया क्रिएटर्स एक वीडियो से 1 लाख रुपये तक कमा सकते हैं. यह फैसला राज्य में डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया क्रिएटर्स को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
10 लाख व्यूज पर मिलेंगे 1 लाख रुपये
अगर आप बिहार सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से जुड़े वीडियो बनाते हैं, तो अब उससे कमाई का मौका मिल सकता है. सरकार वीडियो को मिलने वाले 30 दिनों के व्यूज के आधार पर भुगतान करेगी.
हर 1 लाख व्यूज पर 10,000 रुपये दिए जाएंगे. हालांकि, एक वीडियो के लिए अधिकतम भुगतान 1 लाख रुपये तक ही होगा. यानी अगर किसी वीडियो को 10 लाख व्यूज मिलते हैं, तो क्रिएटर को अधिकतम 1 लाख रुपये मिल सकते हैं.
कंटेंट और व्यूज की भी होगी जांच
इस योजना का लाभ सिर्फ सरकार द्वारा सूचीबद्ध और पात्र सोशल मीडिया क्रिएटर्स को मिलेगा. इसके लिए क्रिएटर्स का एम्पैनलमेंट जरूरी होगा और उनके पेज, हैंडल और चैनल के फॉलोअर्स की समय-समय पर जांच भी की जाएगी.
इस पूरी प्रक्रिया को लेकर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जल्द ही विस्तृत अधिसूचना जारी करेगा.
हालांकि, सिर्फ वीडियो वायरल होने से ही क्रिएटर्स को पैसे नहीं मिलेंगे. इसके लिए सरकार की तय की गई शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा. वीडियो की क्वालिटी, प्लेटफॉर्म, व्यूज की जांच और रजिस्ट्रेशन जैसे नियमों का भी पालन करना होगा.
कौन-सा कंटेंट इस योजना के तहत मान्य होगा और इसके लिए आवेदन कैसे किया जाएगा, इसकी पूरी जानकारी सरकार की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही सामने आएगी. फिलहाल, यह फैसला बिहार के सोशल मीडिया क्रिएटर्स के लिए कमाई का एक बड़ा मौका माना जा रहा है.
"बिहार सरकार ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स के लिए बड़ा ऐलान किया है. राज्य कैबिनेट ने बिहार सोशल मीडिया नीति में संशोधन को मंजूरी दे दी है, जिसके …"
