CBSE 12वीं री-इवैल्यूएशन और वेरिफिकेशन का रिजल्ट 21 जून को जारी किया गया. इस प्रक्रिया के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच में रांची की कॉमर्स छात्रा अवनी केजरीवाल ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में से पूरे 500 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया. 13 मई को घोषित हुए बोर्ड रिजल्ट में उन्हें अपेक्षा से कम अंक मिले थे, लेकिन पुनर्मूल्यांकन के बाद उन्होंने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य में शीर्ष स्थान प्राप्त किया.

अवनी को अंग्रेजी, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स और एप्लाइड मैथेमेटिक्स में 100-100 अंक मिले हैं. वहीं, अतिरिक्त विषय ग्राफिक्स में उन्होंने 99 अंक प्राप्त किए हैं। आइए जानते हैं आखिर कौन हैं रांची की अवनी केजरीवाल, जिन्होंने 100 प्रतिशत अंक हासिल कर सभी को गौरवान्वित किया है.

कौन हैं अवनी केजरीवाल? 

अवनी केजरीवाल धुर्वा स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) एसएआईएल टाउनशिप की कॉमर्स की छात्रा हैं. 13 मई को CBSE कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित होने पर उन्होंने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे. अवनी अपनी सफलता का श्रेय अनुशासित पढ़ाई और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण को देती हैं.

उन्होंने बताया कि उनकी पढ़ाई की रणनीति घंटों की गिनती करने के बजाय रोजाना तय किए गए लक्ष्यों को पूरा करने पर आधारित थी। उनका ध्यान इस बात पर रहता था कि हर दिन 2 से 3 विषयों की तैयारी पूरी हो जाए, चाहे उसमें जितना भी समय लगे.

री-इवैल्यूएशन के बाद हासिल किए 100% अंक

री-इवैल्यूएशन के बाद अवनी केजरीवाल ने CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में से पूरे 500 अंक हासिल किए। इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, “हम सभी बहुत खुश हैं. हमें 500 में 500 अंक मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन यह परिणाम हमारे लिए बेहद खुशी की बात है. अंग्रेजी में मेरे 19 अंक कम दिए गए थे, जिसकी मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी. अंग्रेजी मेरा पसंदीदा और सबसे मजबूत विषय है, इसलिए मैंने री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया था। बिजनेस स्टडीज में भी मेरे 5 अंक कम थे. पहले से ही मुझे तीन विषयों में 100 में 100 अंक मिल चुके थे। री-इवैल्यूएशन के बाद मेरे कुल अंक 24 बढ़ गए.”

 

CBSE ने छात्रों को दी महत्वपूर्ण सलाह

CBSE ने कहा कि निष्पक्षता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक आवेदन को एक मजबूत, पारदर्शी और सावधानीपूर्वक निगरानी किए गए सिस्टम के माध्यम से प्रोसेस किया गया है.

बोर्ड ने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह या अपुष्ट सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा न करें और केवल CBSE की आधिकारिक सूचनाओं को ही सही जानकारी का स्रोत मानें. साथ ही, बोर्ड ने आश्वासन दिया कि उसके कार्यालय छात्रों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करने के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे.

"CBSE 12वीं री-इवैल्यूएशन और वेरिफिकेशन का रिजल्ट 21 जून को जारी किया गया. इस प्रक्रिया के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच में रांची की…"