शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी अब अपने पहले के आरोपों से पीछे हट गए हैं. आशुतोष ब्रह्मचारी का कहना है कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ दर्ज कराया गया मुकदमा झूठा था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मुकदमा उन्होंने रामचंद्र दास के कहने पर दर्ज कराया था. साथ ही उन्होंने कुछ अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं.
आशुतोष ब्रह्मचारी ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें गुमराह कर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था. उनका आरोप है कि रामचंद्र दास ने उन पर मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बनाया और पूरी साजिश के पीछे वही थे.
गुरु की हत्या की साजिश का भी आरोप
आशुतोष ब्रह्मचारी ने दावा किया कि उनके गुरुभाई रामचंद्र दास ने उनके गुरु के खिलाफ साजिश रची. उन्होंने आरोप लगाया कि रामचंद्र दास ने गुरु की हत्या करवाने की योजना भी बनाई थी और आश्रम की संपत्तियों पर कब्जा करने का प्रयास किया गया था.
फर्जी वसीयत बनाकर कब्जा करने का आरोप
आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा कि रामचंद्र दास ने फर्जी वसीयत तैयार करवाई और उसके आधार पर मामला दर्ज कराया. साथ ही देवा बाबा के आश्रम पर कब्जा कर लिया गया. इस संबंध में उन्होंने मथुरा के एसएसपी को शिकायत पत्र भेजा है और मामले को अदालत तक ले जाने की बात कही है.
उन्होंने कहा कि उनके पास चैट और अन्य दस्तावेज मौजूद हैं, जिनमें मुकदमा दर्ज कराने से लेकर वसीयत तैयार करने तक की जानकारी है. उनका कहना है कि यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो वह अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे और सभी सबूत पेश करेंगे.
जल्द करेंगे पूरे षड्यंत्र का खुलासा
आशुतोष ब्रह्मचारी का कहना है कि वह जल्द ही यह भी बताएंगे कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ यह पूरा षड्यंत्र क्यों रचा गया. उनके अनुसार, इस मामले के पीछे आश्रमों पर कब्जा करने की योजना थी.
क्या था पूरा मामला?
माघ मेले के दौरान हुए विवाद के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर बटुकों के यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. इसके बाद 8 फरवरी को प्रयागराज की स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में याचिका दायर की गई थी. सुनवाई के बाद कोर्ट ने अविमुक्तेश्वरानंद समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था. अब आशुतोष ब्रह्मचारी का कहना है कि यह मुकदमा दबाव में दर्ज कराया गया था और वह पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएंगे.
"शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी अब अपने पहले के आरोपों से पीछे हट गए हैं. आशुतोष ब्रह्मचारी का…"
