शेखर सुमन को जानते हैं ना? वही ‘शेखर टुनाइट’ वाले कॉमे़डियन. उनके करीबी के यहां छापा पड़ा है. ये कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब वे अपने शो में महंगाई, अभिव्यक्ति की आज़ादी और सरकारी की नीतियों पर करारे व्यंग्य करते नज़र आ रहे हैं. 9 जुलाई 2026 को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मुंबई में धर्मेश संगानी के ठिकानों पर छापेमारी की. धर्मेश संगानी फिल्म प्रोड्यूसर और कारोबारी हैं. आपको बता दें कि 2024 में शेखर सुमन BJP से भी जुड़े थे.   

धर्मेश पर क्यों पड़ी ED की नज़र?

ED ने यह कार्रवाई फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत की. धर्मेश संगानी कलानी इंपेक्स लिमिटेड से जुड़े हैं. उनकी यह कंपनी आयात-निर्यात का कारोबार करती है.

साथ ही उनकी कंपनी ‘संगानी ब्रदर्स मोशन पिक्चर्स’ शेखर के शो ‘Shekhar Tonight’ को भी प्रोड्यूस करती है. ED का आरोप है कि कंपनी निर्यात की पूरी रकम भारत नहीं लाई. साथ ही कुछ मामलों में खरीदारी का भुगतान किसी तीसरे पक्ष ने किया है. एजेंसी इसकी भी जांच कर रही है. जांच में विदेशों में अघोषित कंपनियों और बैंक खातों की जानकारी मिलने का दावा किया गया है. ED का कहना है कि कनाडा और यूएई में भी कारोबार से जुड़े दस्तावेज मिले हैं.

धर्मेश ने जांच के दौरान 13वीं मंज़िल से क्यों फेंका मोबाइल?

ED ने यह भी आरोप लगाया है कि छापेमारी के दौरान धर्मेश संगानी ने अपना मोबाइल 13वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया. एजेंसी का दावा है कि ऐसा सबूत मिटाने के लिए किया गया. 

हालांकि बाद में मोबाइल बरामद कर लिया गया और इसे लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई. ED के अनुसार, धर्मेश संगानी पहले भी जांच के दायरे में रह चुके हैं. 2016 में ब्रिटेन में उनके पास से करीब 7.4 किलोग्राम सोने के गहने जब्त किए गए थे. इस मामले की भी जांच जारी है. फिलहाल कलानी इंपेक्स लिमिटेड वाले मामले की जांच जारी है. इसके बाद आगे की करवाई होगी. 

"शेखर सुमन को जानते हैं ना? वही ‘शेखर टुनाइट’ वाले कॉमे़डियन. उनके करीबी के यहां छापा पड़ा है. ये कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब वे अपने शो में म…"