शराब पीना सेहत के लिए हानिकारक है, ये बात तो हम सभी जानते हैं. लेकिन क्या हो जब शराब का एक घूंट किसी की जान पर भारी पड़ जाए? मणिपुर से सामने आई एक घटना ने एक बार फिर नकली और मिलावटी शराब के खतरे को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर नकली शराब पीने से तीन दिनों के भीतर 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 125 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है. 18 नवंबर को इस घटना में पांच लोगों की मौत हुई थी. इसके बाद गुरुवार को एक और शुक्रवार को चार लोगों ने दम तोड़ दिया.

फिलहाल प्रभावित लोगों का इलाज इम्फाल के अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है. इनमें शिजा अस्पताल, रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) और जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (JNIMS) शामिल हैं. मरीजों की संख्या ज्यादा होने के कारण शिजा अस्पताल में जगह कम पड़ने लगी, जिसके बाद कुछ मरीजों को दूसरे मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया.

पुलिस को शक है कि यह मामला नकली शराब के सेवन से जुड़ा है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पीड़ितों ने जिस शराब का सेवन किया था, उसे काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदा गया था. चंदेल के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने भी प्रशासन को लिखे पत्र में इस बात का जिक्र किया है. हालांकि, अभी तक मौतों की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

प्रशासन इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रहा है. पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे प्रभावित इलाकों में संदिग्ध जगहों से मिलने वाली स्थानीय शराब या किसी भी मादक पेय पदार्थ का सेवन न करें.

नकली शराब शरीर के लिए कितनी खतरनाक हो सकती है?

नकली शराब का खतरा सिर्फ उसकी खराब क्वालिटी तक सीमित नहीं होता. इसमें मेथनॉल जैसे जहरीले केमिकल की मिलावट हो सकती है. मेथनॉल शरीर के लिए बेहद खतरनाक है. इसके सेवन से आंखों की रोशनी जाने, गंभीर अंगों को नुकसान पहुंचने और जान जाने तक का खतरा हो सकता है.

इस तरह की घटनाएं बताती हैं कि शराब में मिलावट कोई छोटी समस्या नहीं है. इसलिए किसी भी संदिग्ध स्रोत से मिलने वाले मादक पेय पदार्थों से बचना जरूरी है. अगर किसी व्यक्ति को शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ती महसूस हो, तो घरेलू इलाज में समय गंवाने के बजाय तुरंत मेडिकल मदद लेनी चाहिए.

"शराब पीना सेहत के लिए हानिकारक है, ये बात तो हम सभी जानते हैं. लेकिन क्या हो जब शराब का एक घूंट किसी की जान पर भारी पड़ जाए? मणिपुर से सामने…"