भारत की खेती केवल खेतों की कहानी नहीं है, बल्कि करोड़ों महिलाओं की मेहनत, अनुभव और धैर्य की कहानी भी है. देश की कृषि श्रम शक्ति का लगभग 43 प्रतिशत हिस्सा महिलाएं हैं. बुवाई, निराई-गुड़ाई, कटाई, पशुपालन, डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण जैसे लगभग हर महत्वपूर्ण कृषि कार्य में महिलाओं की बड़ी भूमिका है.

फसल उत्पादन में लगभग आधा योगदान और पशुपालन से जुड़े कार्यों में 70 प्रतिशत से ज्यादा का योगदान महिलाओं का माना जाता है. इसके बावजूद महिलाओं के पास केवल 13–14 प्रतिशत कृषि भूमि का स्वामित्व है. डिजिटल संसाधनों, संस्थागत ऋण और तकनीकी प्रशिक्षण तक उनकी पहुँच अभी भी सीमित है. यहीं पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI भारतीय महिला किसानों के लिए एक बड़े अवसर के रूप में उभर रहा है.

महिला किसानों के लिए AI क्यों है खास?

ग्रामीण भारत की महिलाएं खेती के साथ-साथ परिवार, पशुपालन और घरेलू जिम्मेदारियां भी संभालती हैं. ऐसे में AI आधारित तकनीक उनके काम को आसान बना सकती है. जैसे AI आधारित मोबाइल ऐप और चैटबॉट क्षेत्रीय भाषाओं में खेती संबंधी सलाह दे रहे हैं.  

AI आधारित रोग और कीट निगरानी प्लेटफॉर्म, फसल में रोग या कीट के शुरुआती संकेत पहचान लेते हैं. जिससे किसान अपनी फसलों की सुरक्षा पहले से कर सकते हैं इससे खेती में लगने वाली उनकी लागत भी कम होगी और आमदनी भी बढ़ेगी.

भारत का डेयरी क्षेत्र 150 अरब डॉलर से अधिक का माना जाता है और इसमें महिलाओं की भूमिका सबसे अधिक है. AI आधारित पशु स्वास्थ्य निगरानी प्रणाली अब पशुओं के व्यवहार और स्वास्थ्य पर नजर रख सकती है. सेंसर और डेटा विश्लेषण के जरिए यह पहले ही चेतावनी दे सकते हैं कि पशु बीमार होने वाला है या दूध उत्पादन कम होने वाला है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि AI तकनीक से डेयरी उत्पादन में केवल 5–7 प्रतिशत की वृद्धि हो जाए, तो लाखों ग्रामीण परिवारों की आय में बड़ा सुधार हो सकता है.

डिजिटल गैप सबसे बड़ी चुनौती

AI अवसर लेकर जरूर आया है लेकिन इसके सामने कई बड़ी चुनौतियां भी हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट और डिजिटल शिक्षा की कमी भी एक बड़ी बाधा है. भारत में पुरुषों की तुलना में 15–20 प्रतिशत कम महिलाओं के पास स्मार्टफोन हैं.  इसके अलावा कृषि से जुड़ा अधिकतर डिजिटल डेटा गेहूँ और चावल जैसी फसलों पर केंद्रित है, जबकि महिलाएं अक्सर बाजरा, दालें, सब्जी उत्पादन, बागवानी, छोटे पशुपालन जैसे क्षेत्रों में अधिक सक्रिय रहती हैं. इन क्षेत्रों पर पर्याप्त डेटा उपलब्ध नहीं है. विशेषज्ञों का कहना है कि यदि AI मॉडल महिलाओं की वास्तविक जरूरतों और अनुभवों को ध्यान में रखकर बनाए जाएं तो ये तकनीक अधिक प्रभावी बन सकती है.

संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के अनुसार, यदि महिलाओं को पुरुषों के बराबर संसाधन और तकनीक दिया जाए तो विकासशील देशों का कृषि उत्पादन 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ सकता है.

भारत में महिला एग्री-टेक नेतृत्व का बढ़ता प्रभाव

भारत में कई महिला वैज्ञानिक, स्टार्टअप संस्थापक और सामाजिक उद्यमी कृषि AI के क्षेत्र में महत्वपूर्ण काम कर रही हैं. महिला स्वयं सहायता समूह (SHGs) की भूमिका आज कई SHGs डिजिटल डेटा संग्रह, मिट्टी परीक्षण और कृषि सलाह कार्यक्रमों में शामिल हो रही हैं. इससे ग्रामीण महिलाओं की तकनीकी भागीदारी बढ़ रही है. ग्रामीण भारत में “डिजिटल सखी” जैसी पहलें महिलाओं को स्मार्टफोन, इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं का उपयोग सिखा रही हैं. ये महिलाएं अब दूसरे किसानों को भी ऑनलाइन भुगतान, मौसम ऐप, कृषि पोर्टल, सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रही हैं.

AI तभी सफल होगा जब महिलाएँ होंगी केंद्र में

तकनीक केवल मशीनों का विकास नहीं है, बल्कि समाज को अधिक समान और समावेशी बनाने का माध्यम भी है यदि AI आधारित कृषि तकनीक को लिंग-संवेदनशील तरीके से डिजाइन किया जाए, महिलाओं को डिजिटल प्रशिक्षण दिया जाए और उन्हें तकनीकी निर्णय प्रक्रिया में शामिल किया जाए, तो इसका असर केवल खेती तक सीमित नहीं रहेगा. जब महिला किसान सशक्त होती हैं, तब परिवार का पोषण बेहतर होता है बच्चों की शिक्षा सुधरती है ग्रामीण स्वास्थ्य मजबूत होता है पूरे समाज का विकास तेज होता है

AI तकनीक किसानों के कैसे दे रहा मदद?

किसान  AI की मदद से फसल में बीमारी या कीट का हमला, मिट्टी में पोषक तत्व की कमी, मौसम का फसल व उत्पादन में प्रभाव, सिंचाई और उर्वरक की सही मात्रा का पता लगा सकते हैं. इसके अलावा सैटेलाइट आधारित रिमोट सेंसिंग, ड्रोन, कंप्यूटर विज़न और मशीन लर्निंग मॉडल खेतों की निगरानी कर रहे हैं. इससे खेती की लागत कम हो रही है और उत्पादन बढ़ रहा है.

जलवायु परिवर्तन से लड़ाई में AI की भूमिका

भारत की खेती सबसे ज्यादा जलवायु परिवर्तन से प्रभावित है. सूखा, बाढ़, अनियमित बारिश और बढ़ती गर्मी जैसी समस्याएं किसानों के लिए चुनौती बन रही हैं. महिला किसानों पर इसका असर और अधिक पड़ता है क्योंकि वे सीमित संसाधनों में खेती करती हैं. AI आधारित अर्ली-वार्निंग सिस्टम किसानों को पहले से चेतावनी दे सकते हैं. इससे नुकसान कम किया जा सकता है और फसल सुरक्षा बढ़ाई जा सकती है.

सरकार की डिजिटल कृषि योजनाएं

भारत सरकार भी डिजिटल कृषि को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है. जिसमें प्रमुख पहलें Digital Agriculture Mission, National e-Governance Plan in Agriculture (NeGPA), PM-KISAN डिजिटल प्लेटफॉर्म, AgriStack पहल, किसान ड्रोन योजना, इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों तक डेटा आधारित खेती, डिजिटल सेवाएं और आधुनिक तकनीक पहुंचाना है.

AI से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को कितना फायदा?

भारत के GDP का लगभग 15–18 प्रतिशत हिस्सा कृषि से आता है और यह क्षेत्र 40 प्रतिशत से अधिक आबादी को रोजगार देता है. विशेषज्ञों के अनुसार यदि AI आधारित तकनीकों से कृषि उत्पादकता में 5–10 प्रतिशत की वृद्धि होती है, तो किसानों की आय बढ़ सकती है, खाद्य सुरक्षा मजबूत हो सकती है, ग्रामीण रोजगार बढ़ सकते हैं, महिलाओं की आर्थिक भागीदारी मजबूत हो सकती है. विश्व बैंक की रिपोर्टों में भी डिजिटल कृषि को भविष्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है.

 

 

 

 

 

"भारत की खेती केवल खेतों की कहानी नहीं है, बल्कि करोड़ों महिलाओं की मेहनत, अनुभव और धैर्य की कहानी भी है. देश की कृषि श्रम शक्ति का लगभग 43 प…"