टेलीविज़न होस्ट और एंकर मनीष पॉल की मां उर्मिल पॉल ने 8 जुलाई 2026 को सभी को अलविदा कह दिया. उनकी उम्र 77 साल थी. हालांकि उनकी मृत्यु की वजह फ़िलहाल परिवार द्वारा गुप्त रखी गई है लेकिन मनीष पॉल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम से एक भावुक पोस्ट शेयर किया है.
अपनी मां के साथ फोटो शेयर करते हुए मनीष पॉल लिखते हैं,
“आज दुनिया शांत लग रही है.
आज सुबह मैंने अपनी माँ को अलविदा कहा, मेरा पहला घर, मेरा सबसे बड़ा सहारा और वो सबसे मजबूत महिला जिसे मैं जानता हूँ.
शब्दों में यह बयां करना मुश्किल है कि आप मेरे लिए कितनी मायने रखती थीं और आपके जाने से कितना खालीपन आ गया है. लेकिन मैं आपका प्यार, आपकी ताकत, आपकी दयालुता और आपने मुझे जो भी सबक सिखाए, उन सबको अपने साथ रखूँगा. ये सब मेरे जीवन भर मेरे साथ रहेंगे.
मुझे उम्मीद है कि अब आपको शांति मिल गई होगी.
मुझे उस तरह प्यार करने के लिए धन्यवाद जैसा सिर्फ एक मां ही कर सकती है.
जब तक हम दोबारा नहीं मिलते.
हमेशा के लिए आपका प्यार.”
उनके इस भावुक पोस्ट के बाद सोशल मीडिया और बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकारों ने उनकी मां के लिए शांति की प्रार्थना की है. वहीं, कई लोगो ने उन्हें आश्वासन देते हुए सहारा भी दिया है.
मां के बेहद करीब थे मनीष
मनीष पॉल को आज हम जिन ऊंचाइयों को छूते हुए देखते हैं, वह उनकी माँ का दिया एक पुरस्कार है, क्योंकि मनीष पॉल ने बार-बार उनकी सफलता में उर्मिल पॉल के योगदान का जिक्र किया है. उन्होंने एक मदर्स डे पर ये खुलासा किया था कि उनकी मां उनकी पहली मेकअप आर्टिस्ट थी. जब मनीष ने बचपन में स्कूल और कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में परफॉर्म करना शुरू किया, तब उनकी मां ही उन्हें हर परफॉर्मेंस के लिए तैयार करती थीं और उनका हौसला बढ़ाती थीं.
मनीष ने साल 2022 में अपनी मां के जन्मदिन पर उन्हें धन्यवाद देते हुए लिखा था,
"मुझे बिंदास (बेफिक्र) रहना सिखाने के लिए शुक्रिया”.
जिससे हम ये अंदाज़ा लगा ही सकते हैं कि उनके इस बिंदास करियर और अंदाज़ के पीछे उनकी मां की सीख भी शामिल है.
मनीष पॉल ने कई इंटरव्यूज़ में भी यह चीज़ बार बार रखी है, की जब भी वह कठिन दौर से गुज़रे थे, तब तब उनकी माँ ने उनका हाथ मजबूती से थामे रखा था.
सूरज की चमक को कोई नहीं रोक सकता…
मनीष ने एक बार अपनी मां की एक खास सीख साझा की थी, जिसमें उनकी मां ने उनसे कहा था,
"सूरज की चमक को कोई नहीं रोक सकता. बादल थोड़ी देर के लिए आ सकते हैं, लेकिन वे उसकी रोशनी खत्म नहीं कर सकते. सूरज का काम सिर्फ चमकना है.”
मां के प्यार के आगे हारे मनीष, Covid में मिला था इमोशनल अल्टीमेटम
कोरोना महामारी के दौरान काम और सुरक्षा कारणों की वजह से मनीष मुंबई में थे और करीब छह महीने तक अपनी मां से नहीं मिल पाए थे. इसी दूरी के बीच उनकी मां ने दिल्ली से फोन कर मजाकिया अंदाज में उन्हें अल्टीमेटम दिया था,
"या तो तुम तुरंत दिल्ली आओ, नहीं तो मैं खुद फ्लाइट पकड़कर मुंबई आ रही हूं.”
मां का यह प्यार भरा अल्टीमेटम सुनते ही मनीष ने अपना सारा काम छोड़ दिया और तुरंत दिल्ली पहुंचकर उनसे मुलाकात की.
मनीष और उनकी मां के बीच बेहद खास रिश्ता था. दोनों के बीच प्यार के साथ-साथ ऐसी नटखट और मजेदार नोकझोंक भी अक्सर देखने को मिलती थी. लेकिन अब उनकी मां के निधन के बाद मनीष उनसे दोबारा नहीं मिल पाएंगे, जिसका दर्द उन्होंने अपने पोस्ट में भी बयां किया है.
“Until we meet again.” यानी हमारे पुनः मिलने तक, उनका ये पोस्ट ये बताता है कि कैसे अपनों के बिछड़ जाने के बाद भी हम उनसे वापस मिलने की आशा कभी नहीं छोड़ते.
"टेलीविज़न होस्ट और एंकर मनीष पॉल की मां उर्मिल पॉल ने 8 जुलाई 2026 को सभी को अलविदा कह दिया. उनकी उम्र 77 साल थी. हालांकि उनकी मृत्यु की वजह…"
