Bollywood की दिग्गज अभिनेत्री नीतू कपूर आज 68 साल की हो चुकी हैं, लेकिन लोगों के दिलों में उनके लिए प्यार और क्रेज़ थोड़ा भी कम नहीं हुआ है और ये शायद तभी मुमकिन हो पाया है क्योंकि नीतू कपूर ने केवल 8 साल की उम्र में ही बॉलीवुड में काम करना शुरू कर दिया था और कुल समय जो उन्होंने इस इंडस्ट्री में बिताया है वह लगभग 60 साल का है. 

आज उनके जन्मदिन के मौके पर उनके बेटे और दिग्गज एक्टर रणबीर कपूर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर नीतू को शुभकामनाएं दी हैं. रणबीर ने लिखा,

Happy Birthday, Mom 

“आप मेरी सबसे बड़ी ताक़त, मेरी सुरक्षित जगह और हमारे परिवार का दिल हो. आपकी दी गई हर शिक्षा, त्याग, और अनकंडीशनल प्यार के लिए आपका शुक्रिया. चाहे मैं कितना बड़ा क्यों ना हो जाऊं, मैं हमेशा आपका छोटा सा बेटा ही रहूँगा.”

 

इसके बाद रणबीर ने लिखा कि वे आशा करते हैं कि उन्हें सारी ख़ुशियाँ, अच्छा स्वास्थ्य और दुनिया का प्यार मिले. उन्होंने नीतू को उनकी माँ के स्वरूप में एक आशीर्वाद कहा है. 

केवल 8 साल में बनी एक्ट्रेस

अब बात करें, नीतू के शुरुआती जीवन की तो उन्होंने फिल्मी करियर की शुरुआत 1966 में फ़िल्म ‘सूरज’ में बाल कलाकार के रूप में की थी. उन्होंने 1972 तक बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट बॉलीवुड में काफ़ी नाम कमाया. 1968 में आई उनकी फिल्म दो कलिया ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया. 

1973 में नीतू ने बॉलीवुड में पहली बार फिल्म ‘रिक्शावाला’ से लीड एक्ट्रेस की भूमिका निभाई. इसके बाद उन्होंने 'यादों की बारात', 'दीवार', 'कभी-कभी' और 'अमर अकबर एंथनी' जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं. आपको बता दें, नीतू उस समय की सबसे महँगी और व्यस्त अभिनेत्रियों में से एक थीं, जो दिन में तीन-तीन शिफ़्टों में काम किया करती थीं. 

शादी के बाद क्यों लिया करियर ब्रेक?

सबसे बड़ा मोड़ नीतू की ज़िंदगी में तब आया जब उन्होंने ऋषि कपूर से 1983 में शादी की. शादी के बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया को कुछ समय के लिए अलविदा कहने का फ़ैसला लिया. हालांकि उन्होंने अपनी मर्ज़ी से अपने बच्चों (रणबीर और रिधिमा) की परवरिश के लिए यह कदम उठाया था. लेकिन जिस वक़्त नीतू ने यह ब्रेक लिया, उस वक़्त वह अपने करियर के पीक पर थी.

26 साल बाद की बॉलीवुड में वापसी 

उन्होंने करीब 26 साल के बड़े ब्रेक के बाद 2009 में फिल्म ‘लव आज कल’ से बॉलीवुड में कमबैक किया. इसके बाद उन्होंने अपने पति ऋषि कपूर के साथ ‘दो दूनी चार’ और ‘जुग जुग जियो’ जैसी सफल फ़िल्मों और टीवी शोज़ में काम किया. बात करें उनकी सबसे लेटेस्ट फिल्म की तो वह ‘दादी की शादी’ फिल्म में नज़र आएंगी. इसमें उन्होंने एक 72 साल की दादी का किरदार निभाया है. यह फ़िल्म कुछ समय पहले ही Netflix पर आई है. इसके अलावा नीतू जल्द ही फ़िल्म लेटर्स तो मिस्टर खन्ना में भी नज़र आने वाली हैं. 

8 साल की एक्ट्रेस की अनसुनी कहानी 

नीतू कपूर की ज़िंदगी बाहर से जितनी चमकदार दिखती है, उतनी आसान कभी नहीं रही. बहुत छोटी उम्र में उन्होंने अपने पिता को खो दिया था. घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, इसलिए उनकी मां राजी कौर ने उनका स्कूल छुड़वाकर बचपन में ही फिल्मों में काम करना शुरू करवा दिया. 

जिस उम्र में बच्चे पढ़ाई और खेलकूद में व्यस्त रहते हैं, उस उम्र में नीतू स्टूडियो और फिल्म सेट पर काम कर रही थीं. उनकी मां का स्वभाव भी काफी सख्त था. जब नीतू और ऋषि कपूर एक दूसरे से प्यार करने लगे, तब उनकी मां इस रिश्ते के खिलाफ थीं, जिससे उन्हें काफी तनाव का सामना करना पड़ा. 

यहां तक कि शादी के दिन इतना दबाव था कि शादी की रस्मों के दौरान नीतू कपूर और ऋषि कपूर दोनों ही बेहोश हो गए थे.

शादी के बाद भी नीतू का संघर्ष 

शादी के बाद भी नीतू कपूर की मुश्किलें खत्म नहीं हुईं. ऋषि कपूर बेहतरीन अभिनेता तो थे, लेकिन निजी जीवन में उनका गुस्सा और शराब की आदत कई बार रिश्ते में परेशानी की वजह बनने लगी. फिर भी नीतू ने धैर्य और समझदारी से अपने परिवार और रिश्ते को संभाला. 

साल 2018 में जब ऋषि कपूर को कैंसर हुआ, तब इलाज के दौरान नीतू हर पल उनके साथ रहीं. 2020 में ऋषि कपूर के निधन के बाद वह गहरे सदमे और अकेलेपन में चली गईं थी. इस मुश्किल दौर से बाहर आने के लिए उन्होंने मेडिकल काउंसलर्स की मदद ली और फिर काम को अपना सहारा बनाकर दोबारा फिल्मों में वापसी की.

कई लोगों के लिए 8 साल की उम्र में ही स्टार बान जाना काफ़ी बड़ी बात होगी, लेकिन नीतू के लिए यह एक ज़िम्मेदारी थी, ज़िम्मेदारी उस परिवार की जिसे पिता के बाद संभालना था. उनकी यह कहानी बताती है कि असली सफलता सिर्फ़ स्टारडम नहीं, बल्कि हर मुश्किल के बाद फिर से खड़े होने का हौसला भी होती है.

"Bollywood की दिग्गज अभिनेत्री नीतू कपूर आज 68 साल की हो चुकी हैं, लेकिन लोगों के दिलों में उनके लिए प्यार और क्रेज़ थोड़ा भी कम नहीं हुआ है …"