प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने कार्यकाल के 4399 दिन पूरे कर एक नया और कीर्तिमान स्थापित कर लिया है. इसके साथ ही वह भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को पछाड़कर देश के सबसे लंबे समय तक 'निर्वाचित प्रधानमंत्री' बन गए हैं.
इस अवसर पर राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में NDA की एक बैठक बुलाई गई, जहाँ प्रधानमंत्री का बेहद उत्साह के साथ स्वागत किया गया.
भारत मंडपम में मौजूद एनडीए के तमाम बड़े नेताओं, सांसदों और मंत्रियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अपने अब तक के 12 वर्षों के सफर को याद किया. उन्होंने कहा, “2014 में देश की जनता ने बदलाव की जो उम्मीद की थी और जो आशा का सूरज उदय होता देखा गया था, वह आज एक नए और ऊर्जावान 'प्रकाश पुंज' में बदल गया है.” उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ है और वैश्विक पटल पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है.
कांग्रेस पर लगाए आरोप
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर भी तीखा प्रहार किया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक अपनी विफलताओं और अक्षमताओं का कलंक देश की बहुसंख्यक हिंदू आबादी के सिर मढ़ने की कोशिश की.
प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस के राज में देशवासियों को हमेशा यह एहसास कराया जाता था कि भारत में तेज विकास संभव ही नहीं है. उनके समय की धीमी आर्थिक विकास दर को दुनिया भर में 'हिंदू ग्रोथ रेट' कहा जाने लगा था. लेकिन सच्चाई यह है कि यह हिंदू ग्रोथ रेट नहीं, बल्कि 'कांग्रेस ग्रोथ रेट' थी, जिसने देश को सालों तक पीछे धकेल कर रखा.”
12 वर्षों की उपलब्धियाँ
अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियां गिनाते हुए पीएम मोदी ने सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं पर जोर दिया. उन्होंने दावा किया कि बीते 12 सालों में भारत की लगभग 25 करोड़ आबादी को गरीबी से बाहर निकाला गया है. उन्होंने इसे अपनी सरकार की सबसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा, "यह आंकड़ा इस बात का सबसे पुख्ता सबूत है कि हमारी नीतियां जमीनी स्तर पर काम कर रही हैं और हम सही दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं."
ट्रम्प सहित कई देशों के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने बधाई दी.
वहीं दूसरी तरफ़ बुधवार को दुनिया भर के कई राष्ट्राध्यक्षों और प्रधानमंत्रियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री को बधाई दी.
अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप ने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को अपना 'सच्चा मित्र' बताया. ट्रंप ने लिखा कि नरेंद्र मोदी एक महान नेता और बेहतरीन प्रधानमंत्री हैं, जिनके नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व तरक्की की है और नई ऊंचाइयों को छुआ है.
इसके अलावा दुनिया के कई अन्य दिग्गज नेताओं ने भी भारत की बढ़ती वैश्विक साख के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की.
"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने कार्यकाल के 4399 दिन पूरे कर एक नया और कीर्तिमान स्थापित कर लिया है. इसके साथ ही वह भारत के पहल…"
