आज कटरीना कैफ को हर कोई जानता और पहचानता है. लेकिन क्या आप उस कटरीना की कहानी जानते हैं, जिसे कोई नहीं जानता था. अगर आप भी उन्हीं लोगों में से एक हैं तो आइए हम आपको उनके जीवन का वो पहलू बताते हैं, जो अक्सर उनकी कामयाबी के पीछे हमेशा उनके साथ चलता है.

कटरीना कैफ का बॉलीवुड सुपरस्टार बनने का सफर बेहद कठिनाइयों से भरा था. सोचिए एक ऐसी लड़की जिसे न हिंदी बोलनी आती थी और न ही समझ आती थी, और जिसके पीछे कोई गॉडफादर भी नहीं था. उसने इस बॉलीवुड इंडस्ट्री में खुद का नाम कैसे बनाया होगा.

कटरीना का जन्म 1983 में हांगकांग में हुआ था. लेकिन बचपन में ही उनकी जिंदगी ने एक ऐसा मोड़ लिया, जिसने उनसे उनका बचपन ही छीन लिया. दरअसल, जब कटरीना बहुत छोटी थीं, तभी उनके माता-पिता का तलाक हो गया था. उनके पिता मोहम्मद कैफ ने उन सबका साथ छोड़ दिया और उनकी मां सुजैन ने ही कटरीना और उनके 7 भाई-बहनों को पाला था.

पिता के बाद कटरीना का जीवन

कटरीना की मां एक NGO वर्कर थीं, जिसके कारण उनका परिवार कभी भी एक जगह पर नहीं टिका. उनका बचपन हांगकांग, चीन, जापान, फ्रांस, स्विट्जरलैंड, पोलैंड, बेल्जियम और अंत में लंदन में बीता. लगातार शहर बदलने की वजह से कटरीना कभी स्कूल या कॉलेज नहीं जा पाईं. उनकी पूरी पढ़ाई घर पर ही ट्यूटर्स द्वारा हुई.

उन्होंने केवल 14 साल की उम्र में ही हवाई में एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीता. इस कॉन्टेस्ट को जीतने के बाद ही उन्हें एक ज्वेलरी ब्रांड के विज्ञापन के लिए अपना पहला मॉडलिंग असाइनमेंट मिला था. इसके बाद उनका परिवार लंदन शिफ्ट हो गया. यहीं उन्होंने बतौर प्रोफेशनल मॉडल काम करना शुरू किया.

2003 में आई पहली बॉलीवुड फिल्म

लंदन में एक फैशन शो के दौरान बॉलीवुड डायरेक्टर कैज़ाद गुस्ताद की नजर उन पर पड़ी. कैज़ाद ने उन्हें अपनी फिल्म बूम में काम करने के लिए चुना. जब वह मुंबई आईं, उस वक्त कटरीना की उम्र केवल 17 से 18 साल के बीच थी.

एक बेहतरीन मौके के साथ-साथ यह उनके संघर्ष की भी शुरुआत थी. 2003 में आई उनकी पहली फिल्म बूम ने उन्हें पहचान तो दिलाई, लेकिन सिर्फ एक ‘विदेशी मॉडल’ के तौर पर. यह फिल्म काफी बोल्ड थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई.

कटरीना के लिए मुश्किलें तब और बढ़ गईं, जब उन्हें कई फिल्मों से रिजेक्ट किया जाने लगा. उन्हें हिंदी नहीं आती थी और अलग एक्सेंट होने की वजह से उन्हें फिल्म साया से भी बाहर कर दिया गया.

लेकिन उन्होंने फिर भी हार नहीं मानी. 2004 में बॉलीवुड से लगातार रिजेक्शन मिलने के बाद उन्होंने तेलुगु फिल्म मल्लीस्वरी से दोबारा शुरुआत करने का फैसला किया. इस फिल्म में उन्होंने लीड एक्ट्रेस का रोल निभाया. फिल्म को खूब प्यार मिला, जिसने उनका आत्मविश्वास और बढ़ाया.

सलमान खान के साथ पहली फिल्म और बढ़ती नजदीकियां

टॉलीवुड में नाम कमाने के बाद बॉलीवुड में कटरीना को तब नोटिस किया गया, जब उन्होंने 2005 में सलमान खान के साथ फिल्म ‘मैंने प्यार क्यों किया’ में काम किया. यह उस समय की हिट फिल्मों में से एक थी. इसी फिल्म से कटरीना को लोगों के बीच पहचान मिलनी शुरू हुई. इसके बाद सलमान और उनका रिश्ता भी काफी गहरा हो गया. लगभग 2003 से 2010 तक कटरीना और सलमान ने एक-दूसरे को डेट किया. एक इंटरव्यू में कटरीना ने कहा था कि सलमान के साथ उनका रिश्ता उनका “पहला सीरियस रिलेशनशिप” था.

सलमान का Possessive Nature और बढ़ती लड़ाइयां

हालांकि उनका यह साथ ज्यादा समय तक नहीं चला. ब्रेकअप की वजह दोनों ने कभी सार्वजनिक नहीं की, लेकिन कई मीडिया रिपोर्ट्स में सलमान के कथित पॉसेसिव बिहेवियर और कंट्रोलिंग नेचर को इसकी वजह बताया गया. वे कटरीना के पहनावे और उनके दूसरे को-स्टार्स के साथ काम करने को लेकर नाराज हो जाते थे, जिससे अक्सर दोनों के बीच लड़ाइयां होने लगीं.

सूत्रों के मुताबिक, साल 2009 में जब कटरीना फिल्म अजब प्रेम की गजब कहानी की शूटिंग कर रही थीं, तब वह अपने को-स्टार रणबीर कपूर के काफी करीब आ गईं. ऊटी में शूटिंग के दौरान कटरीना ने सलमान खान को एक टेक्स्ट मैसेज भेजकर साफ कर दिया कि उनके बीच सब खत्म हो चुका है, लेकिन वे हमेशा अच्छे दोस्त बने रहेंगे.

सलमान के बाद रणबीर कपूर के साथ रहीं सुर्खियों में

सलमान खान से अलग होने के बाद कटरीना का नाम रणबीर कपूर से जुड़ा. दोनों का रिलेशनशिप काफी लंबा और सीरियस था, जो लगभग 2012 से 2016 तक चला. वे लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे, लेकिन 2016 की शुरुआत में उनका ब्रेकअप हो गया.

ब्रेकअप के पीछे की वजह अक्सर परिवार की असहमति और रणबीर का कमिटमेंट से बचना बताया गया. वहीं, कटरीना इस रिश्ते को शादी का नाम देना चाहती थीं, लेकिन रणबीर के कमिटमेंट न देने की वजह से उनके रिश्ते में खटास आनी शुरू हुई.

ब्रेकअप को क्यों माना “छिपा हुआ आशीर्वाद”

उन्हें इस ब्रेकअप के दर्द से बाहर आने में करीब 2-3 साल का वक्त लगा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रेकअप के तुरंत बाद कटरीना बेहद टूट गई थीं. वे काम के नुकसान और निजी फैसलों को लेकर खुद को जिम्मेदार मानती थीं और कई बार सेट पर फूट-फूटकर रो पड़ती थीं. 2019 तक आते-आते कटरीना इस रिश्ते को एक “छिपा हुआ आशीर्वाद” मानने लगी थीं. उनका कहना था कि इस अकेलेपन ने उन्हें खुद की पहचान और सेल्फ-वर्थ को वापस पाने का मौका दिया.

विक्की कौशल ने बदली जिंदगी

कटरीना की मुलाकात विक्की कौशल से एक अवॉर्ड शो के दौरान हुई थी. विक्की इस शो को होस्ट कर रहे थे और कटरीना वहां बतौर मेहमान शामिल हुई थीं.

दोनों का पहला वायरल वीडियो

इसी अवॉर्ड शो के दौरान स्टेज पर विक्की कौशल ने एक स्क्रिप्टेड मजाक के तहत कटरीना से कहा था, “आप किसी अच्छे से विक्की कौशल को ढूंढकर शादी क्यों नहीं कर लेतीं?” उस वक्त बैकग्राउंड में ‘मुझसे शादी करोगी’ गाना बज रहा था. इस पर कटरीना शर्माते हुए बोली थीं, “हिम्मत नहीं है.” तब वे दोनों एक-दूसरे को डेट नहीं कर रहे थे, लेकिन उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था.

इसके बाद दोनों ने लगभग दो साल तक एक-दूसरे को डेट किया और 9 दिसंबर 2021 को शादी कर ली.

Happy Birthday Katrina Kaif

कटरीना कैफ ने अपने करियर में कई मुश्किलों का सामना किया, लेकिन कभी हार नहीं मानी. लगातार रिजेक्शन, भाषा की परेशानी और शुरुआती असफलताओं के बावजूद उन्होंने मेहनत के दम पर बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों में अपनी पहचान बनाई. उन्होंने 40 से ज्यादा फिल्मों में काम कर खुद को एक सुपरस्टार के रूप में स्थापित किया.

वहीं, उनकी निजी जिंदगी भी आसान नहीं रही. सलमान खान और रणबीर कपूर के साथ रिश्तों के टूटने का दर्द उन्होंने झेला और उससे बाहर निकलने में उन्हें कई साल लगे. लेकिन उन्होंने हर मुश्किल से सीख ली, खुद को संभाला और आगे बढ़ती रहीं.

आज कटरीना एक सफल अभिनेत्री होने के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी में भी खुश हैं. उनकी कहानी बताती है कि जिंदगी में सफलता पाने के लिए सिर्फ मेहनत ही नहीं, बल्कि हर मुश्किल के बाद दोबारा खड़े होने का हौसला भी जरूरी होता है.

"आज कटरीना कैफ को हर कोई जानता और पहचानता है. लेकिन क्या आप उस कटरीना की कहानी जानते हैं, जिसे कोई नहीं जानता था. अगर आप भी उन्हीं लोगों में …"