भारतीय पूंजी बाजार में आईपीओ की दौड़ एक बार फिर तेज होती दिख रही है. स्वास्थ्य सेवाओं, क्रूज पर्यटन और वित्तीय बाजार से जुड़ी तीन बड़ी कंपनियां निवेशकों के सामने दस्तक देने की तैयारी में हैं. Paras Healthcare, Waterways Leisure Tourism और National Stock Exchange (NSE) के ड्राफ्ट दस्तावेज इस बात का संकेत देते हैं कि देश के अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियां विस्तार और पूंजी जुटाने के लिए बाजार का रुख कर रही हैं.
इन तीनों प्रस्तावित आईपीओ का कुल आकार 4,000 करोड़ रुपये नहीं, बल्कि 40,000 करोड़ रुपये के करीब बैठता है. ऐसे में यह केवल फंड जुटाने की क़वायद नहीं, बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था के बदलते स्वरूप की कहानी भी है.
Paras Healthcare का विस्तार के लिए पूंजी, निवेशकों की आंशिक निकासी
उत्तर भारत की प्रमुख अस्पताल श्रृंखला Paras Healthcare करीब 18,000 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने की तैयारी में है. इसमें 5,000 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 13,000 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल शामिल है. कंपनी के प्रमोटर डॉ. धर्मिंदर कुमार नागर सहित कई निवेशक अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बेचेंगे.
हेल्थकेयर सेक्टर पिछले कुछ वर्षों में निवेशकों की पसंद बना है. कोविड महामारी के बाद निजी अस्पतालों की मांग बढ़ी है. बीमा कवरेज में विस्तार हुआ है और टियर-2 शहरों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता बढ़ी है.
हालांकि, इस आईपीओ में एक दिलचस्प पहलू यह है कि कुल इश्यू का बड़ा हिस्सा ऑफर फॉर सेल का है. यानी मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा नकद में बदल रहे हैं. बाजार आमतौर पर ऐसे मामलों में यह देखता है कि नई पूंजी कंपनी के विकास में कितना योगदान देगी और मौजूदा निवेशकों की निकासी कितनी बड़ी है.
Cordelia Cruises का भारत के क्रूज पर्यटन पर बड़ा दांव
Waterways Leisure Tourism Limited जो Cordelia Cruises ब्रांड का संचालन करती है. वह 5,850 करोड़ रुपये का पूरी तरह फ्रेश इश्यू लेकर आ रही है. कंपनी इस इश्यू के जरिए नई पूंजी जुटाएगी और इसका कोई ऑफर फॉर सेल हिस्सा नहीं है.
भारत में क्रूज पर्यटन अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन इसमें तेज वृद्धि की संभावना देखी जा रही है. कंपनी के अनुसार मार्च 2026 तक 7.3 लाख से अधिक यात्री उसकी सेवाओं का उपयोग कर चुके हैं. फिलहाल कंपनी MV Empress का संचालन करती है. जबकि Norwegian Sky और Norwegian Sun नामक दो बड़े जहाजों को शामिल करने की योजना बनाई गई है.
यह इश्यू उन निवेशकों के लिए दिलचस्प हो सकता है जो भारत में बढ़ते घरेलू पर्यटन और प्रीमियम ट्रैवल सेगमेंट पर दाँव लगाना चाहते हैं. हालांकि, क्रूज उद्योग ईंधन लागत. वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और उपभोक्ता खर्च पर काफी निर्भर रहता है इसलिए जोखिम भी अपेक्षाकृत अधिक हैं.
NSE IPO बाजार का सबसे प्रतीक्षित इश्यू
तीनों में सबसे अधिक चर्चा NSE के प्रस्तावित आईपीओ की है. करीब तीन दशक से भारतीय पूंजी बाजार की धुरी रहे NSE का इश्यू पूरी तरह ऑफर फॉर सेल आधारित होगा. कंपनी स्वयं कोई नई पूंजी नहीं जुटाएगी.
ड्राफ्ट दस्तावेजों के अनुसार 14.89 करोड़ से अधिक शेयर बिक्री के लिए पेश किए जाएंगे. शेयर बेचने वालों में SBI. Bank of Baroda. Canada Pension Plan Investment Board. General Insurance Corporation और अन्य बड़े संस्थागत निवेशक शामिल हैं.
NSE का आईपीओ लंबे समय से नियामकीय और कानूनी प्रक्रियाओं के कारण अटका हुआ था. ऐसे में इसका बाजार में आना भारतीय पूंजी बाजार के इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं में गिना जा रहा है. विश्लेषकों का मानना है कि यह हाल के वर्षों के सबसे चर्चित और बड़े इश्यू में से एक हो सकता है.
निवेशकों के लिए क्या संकेत
तीनों आईपीओ अलग-अलग सेक्टरों की कहानी कहते हैं. Paras Healthcare भारत की बढ़ती स्वास्थ्य जरूरतों का प्रतिनिधित्व करती है. Waterways Leisure Tourism उपभोक्ताओं की बदलती जीवनशैली और अनुभव आधारित खर्च का प्रतीक है, वहीं NSE भारतीय वित्तीय बाजारों की बढ़ती गहराई और निवेशक भागीदारी को दर्शाता है.
लेकिन निवेशकों के लिए सबसे महत्वपूर्ण सवाल मूल्यांकन का होगा. मजबूत ब्रांड और बड़े नाम हमेशा अच्छे निवेश की गारंटी नहीं होते. निवेश से पहले कंपनी की आय, लाभप्रद़ता, कर्ज, प्रतिस्पर्धा और जोखिम कारकों का मूल्यांकन जरूरी होगा.
भारतीय शेयर बाजार में आईपीओ की नई लहर शुरू हो चुकी है. अब देखना यह होगा कि निवेशक अस्पतालों, क्रूज पर्यटन और देश के सबसे बड़े एक्सचेंज की इस कहानी को कितना समर्थन देते हैं.
"भारतीय पूंजी बाजार में आईपीओ की दौड़ एक बार फिर तेज होती दिख रही है. स्वास्थ्य सेवाओं, क्रूज पर्यटन और वित्तीय बाजार से जुड़ी तीन बड़ी कंपनि…"
