दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक से महज़ डेढ़ घंटे पहले एकता की दीवार केरल से चटकने लगी. अंदरूनी कलह की तकरारें तमिलनाडु और पंजाब के बाद केरल से भी उठने लगीं. दरअसल, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडिया गठबंधन के अहम दल CPI(M) के वरिष्ठ नेता पिनरई विजयन ने ट्वीट कर तेलंगाना की कांग्रेस सरकार की आलोचना की है. यह आलोचना उस दौरान आई है, जब पार्टी के राज्यसभा सांसद दिल्ली में राहुल गांधी से मिल रहे हैं.

यह आलोचना उस पत्र के बाद आई है, जो CPI(M) के महासचिव एम. ए. बेबी ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष को लिखा था. इन दोनों घटनाओं ने CPI(M) और कांग्रेस के बीच पनप रहे तनाव को सार्वजनिक कर दिया है. आखिर, केरल चुनाव में ऐसा क्या हुआ या राजनीति में क्या बदला जो इतने लंबे समय के साथियों में दरार चौड़ी होती जा रही है.

विजयन का ट्वीट

केरल विधानसभा के नेता विपक्ष पिनरई विजयन 8 जून की सुबह 10:38 बजे अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखते हैं कि, यह बेहद चिंताजनक है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी गर्व से स्वीकार कर रहे हैं कि उनका 'HYDRAA' मॉडल एडोल्फ हिटलर से प्रेरित है. इससे उनकी RSS से जुड़ी सोच और फासीवादी मानसिकता उजागर होती है.

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेतृत्व को इस मुद्दे पर देश के सामने जवाब देना चाहिए.

यह ट्वीट तेलंगाना के मुख्यमंत्री के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि, "हाइड्रा, हिटलर का पसंदीदा शब्द था. उसकी मुख्य टीम को हाइड्रा कहा जाता था. इसलिए मैंने हिटलर से प्रेरणा लेकर इसका नाम HYDRAA रखा.” रेड्डी ने यह बात तेलंगाना सरकार की एक विशेष एजेंसी के संदर्भ में कही. सरकार ने HYDRAA (Hyderabad Disaster Response and Asset Protection Agency) नाम की एजेंसी का गठन किया है, इसका काम हैदराबाद में अतिक्रमण हटाना और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा करना है.

इंडिया गठबंधन की मीटिंग

दिल्ली में 8 जून को इंडिया गठबंधन की बैठक आयोजित हुई. इस बैठक में 23 विपक्षी पार्टियों के नेता शामिल हुए. कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद थे, लेकिन, CPI(M) के महासचिव एम. ए. बेबी बैठक में शामिल नहीं हुए, बल्कि उनकी जगह केरल से राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटस ने पार्टी का पक्ष रखा.

CPI(M) का पत्र

महासचिव एम. ए. बेबी की गैरमौजूदगी को उस पत्र के साथ जोड़कर देखा जा रहा है, जो उन्होंने 6 जून की रोज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखा था. इस पत्र में केरल विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई बयानबाजी को लेकर आपत्ति जताई गई थी. उन्होंने लिखा था कि, कांग्रेस नेतृत्व ने चुनाव प्रचार के दौरान लगातार यह आरोप लगाया कि वरिष्ठ CPI(M) नेता और तत्कालीन केरल मुख्यमंत्री पिनरई विजयन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सांठगांठ है.

बेबी ने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई नेताओं ने बार-बार यह दावा किया कि पिनरई विजयन और भाजपा के बीच समझौता है.

INDIA गठबंधन पर बोले

पत्र में INDIA गठबंधन को लेकर कहा गया है कि, गठबंधन जून 2023 में पटना में भाजपा के खिलाफ एक साझा मंच के रूप में बना था और CPI(M) ने इसकी स्थापना में पूरी ईमानदारी से सहयोग दिया था. ऐसे में पार्टी पर भाजपा से समझौते का आरोप लगाना गंभीर मामला है.

पत्र के अंत में उन्होंने कहा कि यदि इन मुद्दों पर स्पष्टता नहीं दी गई तो INDIA गठबंधन के अस्तित्व और उद्देश्य पर ही सवाल खड़े हो जाएंगे.

सीताराम की कमी

कांग्रेस और CPI(M) के रिश्ते टूटते-बनते रहे हैं. लेकिन, 2014 के बाद से वामपंथी और कांग्रेस मजबूती से साथ रहे हैं. इस मजबूती के केंद्र में राहुल गांधी के करीबी और CPI(M) के वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी का भारी योगदान रहता था. उनके देहांत के बाद से वामपंथियों के पास कोई ऐसा चेहरा नहीं बचा है जो अन्य पार्टियों के साथ संपर्क साध पाए.

कांग्रेस और CPI(M) के मध्य सुलग रहे तनाव का कारण भी कॉमरेड का न होना है.

"दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक से महज़ डेढ़ घंटे पहले एकता की दीवार केरल से चटकने लगी. अंदरूनी कलह की तकरारें तमिलनाडु और पंजाब के बाद केर…"