BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई टीम का ऐलान कर दिया है. इस टीम में कई बड़े नेताओं को जगह मिली है. राम माधव और स्मृति ईरानी समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी भी दी गई है. त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब भी टीम में शामिल किए गए हैं. पार्टी ने 7 राज्यों से कुल 8 महामंत्री बनाए हैं. इनमें सबसे ज्यादा दो नेता उत्तर प्रदेश से हैं. यूपी से स्मृति ईरानी के अलावा हरीश द्विवेदी को भी राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है.
महिलाओं को भी अहम हिस्सेदारी
नितिन नबीन की नई टीम में महिलाओं को भी अच्छी भागीदारी दी गई है. 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में 6 महिलाएं हैं, यानी करीब 50 फीसदी हिस्सेदारी महिलाओं की है. इसके अलावा स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है. चार महिलाओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी भी दी गई है. वहीं, टीम में दो मुस्लिम नेताओं को भी जगह मिली है. हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने को उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण वोटों को साधने की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है. यूपी में अगले कुछ महीनों में चुनाव होने हैं, ऐसे में पार्टी की इस नियुक्ति को अहम माना जा रहा है. वहीं, स्मृति ईरानी 2019 में अमेठी से राहुल गांधी को हराकर सांसद बनी थीं, लेकिन 2024 में चुनाव हारने के बाद से वह संगठन और सरकार, दोनों में सक्रिय भूमिका से दूर थीं.
IT और सोशल मीडिया टीम में बड़ा बदलाव
BJP ने अपनी नई टीम में आईटी और सोशल मीडिया संगठन में भी बड़ा बदलाव किया है. पार्टी ने लंबे समय से आईटी सेल संभाल रहे अमित मालवीय को पद से हटा दिया है. उनकी जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को नया आईटी सेल चीफ बनाया गया है. वहीं, डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए चार राज्यों से नए सोशल मीडिया समन्वयक भी नियुक्त किए गए हैं. इनमें महाराष्ट्र से प्रीति गांधी, दिल्ली से शिवानंद द्विवेदी, उत्तराखंड से आलोक भट्ट और हरियाणा से अरुण यादव शामिल हैं.
अनिल बलूनी पार्टी के मीडिया संयोजक और मीडिया इन-चार्ज के पद पर बने रहेंगे. अमित मालवीय 2015 से BJP के आईटी सेल की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. वहीं, दीपक म्हस्के पहले BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके हैं और संगठन के साथ-साथ मीडिया से जुड़े कामों में भी सक्रिय रहे हैं. हाल ही में उन्हें छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन का अध्यक्ष भी बनाया गया था. पार्टी के इस बदलाव को देशभर में सोशल मीडिया और डिजिटल संगठन को और मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
चुनाव से पहले संगठन में बड़ा फेरबदल
उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले BJP ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है. नितिन नबीन की नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की राष्ट्रीय राजनीति में फिर से वापसी हुई है. उन्हें पार्टी के 8 राष्ट्रीय महामंत्रियों में शामिल किया गया है. इसके अलावा नई कार्यकारिणी में 16 राष्ट्रीय सचिवों की भी नियुक्ति की गई है. पार्टी ने विभिन्न मोर्चों के नए प्रमुखों का भी ऐलान किया है. हेमंत जोशी को BJP युवा मोर्चा और रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है. माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के जरिए BJP ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को और मजबूत करने की कोशिश की है.
नितिन नबीन की नई टीम की पूरी सूची इस प्रकार है



नितिन नबीन की नई टीम
"BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई टीम का ऐलान कर दिया है. इस टीम में कई बड़े नेताओं को जगह मिली है. राम माधव और स्मृति ईरानी समेत 13…"
