बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए चुनाव होने हैं. चुनाव में नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामों ने कई दिलचस्प चर्चाएं प्रदेश भर में छेड़ दी हैं. जहां एक तरफ स्वास्थ्य मंत्री ने अपनी ग्रेजुएशन पूरी नहीं की है, तो वहीं पावर स्टार पवन सिंह के पास चार लग्जरी वाहन हैं, जिनकी कीमत करीब चार करोड़ रुपये है. आइए जानते हैं कि किसकी कितनी संपत्ति है और किसने कोर्ट-कचहरी के कितने चक्कर काटे हैं. साथ ही विधान परिषद की राजनीति और इसका गणित भी देखेंगे.
कब हैं चुनाव
बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए मतदान 18 जून को होना है. ये सभी सीटें विधानसभा कोटे की हैं, यानी इन पर बिहार विधानसभा के विधायक मतदान करेंगे. बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में एनडीए के पास लगभग 201 विधायक हैं, जबकि विपक्षी दलों के पास करीब 41 विधायक हैं. इसी संख्या बल के आधार पर एनडीए को 10 में से 9 सीटें जीतने की उम्मीद है, जबकि विपक्ष के खाते में एक सीट जा सकती है.
10 सीटों पर कौन हैं उम्मीदवार
जदयू (4 उम्मीदवार)
- निशांत कुमार
- भारती मेहता
- शिवरानी देवी प्रजापति
- प्रो. रामवचन राय
भाजपा (4 उम्मीदवार)
- पवन सिंह
- डॉ. संजय मयूख
- अनिल ठाकुर
- शीला पंडित
राजद (1 उम्मीदवार)
- सुनील कुमार सिंह
लोजपा (रामविलास) (1 उम्मीदवार)
- अशरफ अंसारी
कांग्रेस ने इस चुनाव में अपना अलग उम्मीदवार नहीं उतारा है. महागठबंधन की ओर से राजद उम्मीदवार सुनील कुमार सिंह को समर्थन दिया जा रहा है.
कैसे होते हैं चुनाव
बिहार उन छह राज्यों की सूची में शुमार है, जहां विधानसभा के साथ विधान परिषद की भी राजनीतिक व्यवस्था है. राज्य की विधान परिषद में कुल सदस्य संख्या 75 है, जिनमें 27 सदस्य विधानसभा के विधायकों द्वारा चुने जाते हैं. इसके अलावा स्थानीय निकायों से 24, स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से 12-12 सदस्य चुने जाते हैं तथा 12 सदस्यों को राज्यपाल नामित करते हैं.
निशांत कुमार का हलफनामा
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के हलफनामे के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू तो की थी, लेकिन उसे पूरा नहीं कर सके. उन्होंने आठ सेमेस्टर वाले इंजीनियरिंग कोर्स में केवल पांच सेमेस्टर तक ही अध्ययन किया. वहीं, संपत्ति के मामले में निशांत कुमार के पास कुल 4.63 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति दर्ज है. उनके पास दो वाहन भी हैं.
पवन सिंह
भोजपुरी अभिनेता और भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह का हलफनामा भी चर्चा में है. इसके अनुसार उनके पास 19.44 करोड़ रुपये की संपत्ति है. साथ ही उनके पास चार लग्जरी वाहन हैं जिनकी कीमत करीब चार करोड़ रुपये है, जिनमें एक टोयोटा लैंड क्रूजर भी शामिल है. भाजपा ने पवन सिंह को इस चुनाव में उम्मीदवार बनाया है.
"बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए चुनाव होने हैं. चुनाव में नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामों ने कई दिलचस्प चर्चाएं …"
