अगर आपको लगता है कि शेयर बाज़ार सिर्फ बड़े शहरों या अमीर लोगों तक सीमित है, तो ताजा आंकड़े आपकी सोच बदल सकते हैं. NSE और BSE के नए आंकड़े बताते हैं कि भारत में शेयर बाजार अब गांवों और छोटे शहरों तक पहुंच चुका है.
9 जुलाई 2026 तक NSE पर 26.36 करोड़ Registered Client Accounts (UCC) दर्ज हो चुके हैं. वहीं BSE पर 25.58 करोड़ Registered Investors हैं. हालांकि, दोनों आंकड़ों की सीधे तुलना नहीं की जा सकती क्योंकि NSE ट्रेडिंग अकाउंट (UCC) गिनता है, जबकि BSE पंजीकृत निवेशकों की संख्या जारी करता है. एक निवेशक के पास एक से अधिक ट्रेडिंग अकाउंट भी हो सकते हैं.
हर महीने लाखों लोग जुड़ रहे हैं
निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जून 2026 में अकेले NSE पर 34.25 लाख नए ट्रेडिंग अकाउंट खुले, जबकि BSE पर 27.17 लाख नए निवेशक जुड़े. महीने दर महीने इसमें वृद्धि ही हुई है.
ये भी पढ़ें: शेयर बाज़ार की धड़कन कैसे तय होती है? जानिए सेंसेक्स और निफ़्टी के अंक कैसे निकलते हैं
महाराष्ट्र पहले, उत्तर प्रदेश सबसे तेज़ चुनौती
राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र अब भी निवेशकों के मामले में सबसे आगे है. NSE पर यहां 4.42 करोड़ ट्रेडिंग अकाउंट हैं. इसके बाद उत्तर प्रदेश (3.03 करोड़) और गुजरात (2.25 करोड़) का स्थान है. राजस्थान, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, कर्नाटक और मध्य प्रदेश भी अब एक करोड़ से ज्यादा अकाउंट वाले राज्यों में शामिल हो चुके हैं.
दिलचस्प बात यह है कि उत्तर प्रदेश तेज़ी से निवेश का नया केंद्र बन रहा है. केवल जून में यहां 4.61 लाख नए ट्रेडिंग अकाउंट जुड़े, जो महाराष्ट्र के बाद देश में दूसरा सबसे बड़ा इजाफा है.
आखिर इतनी तेज़ी क्यों?
सस्ते स्मार्टफोन, ऑनलाइन KYC, आसान ट्रेडिंग ऐप, SIP और म्यूचुअल फंड की बढ़ती लोकप्रियता, IPO का आकर्षण और सोशल मीडिया के जरिए बढ़ी वित्तीय जागरूकता ने करोड़ों लोगों को शेयर बाजार की ओर आकर्षित किया है.
क्या मतलब है इन आंकड़ों का?
ये आंकड़े बताते हैं कि भारत में निवेश की संस्कृति तेज़ी से मजबूत हो रही है. शेयर बाज़ार अब सिर्फ मुंबई, दिल्ली या बेंगलुरु तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों के लोग भी बड़ी संख्या में निवेश कर रहे हैं. हालांकि, निवेश बढ़ने के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ती है.
विशेषज्ञों की सलाह है कि किसी भी शेयर में निवेश करने से पहले कंपनी की वित्तीय स्थिति, जोखिम और वैल्यूएशन को समझना जरूरी है. सिर्फ सोशल मीडिया या अफवाहों के आधार पर निवेश करना नुकसानदेह हो सकता है.
"अगर आपको लगता है कि शेयर बाज़ार सिर्फ बड़े शहरों या अमीर लोगों तक सीमित है, तो ताजा आंकड़े आपकी सोच बदल सकते हैं. NSE और BSE के नए आंकड़े बत…"
