जंतर-मंतर पर हुई मारपीट के मामले में गिरफ्तार स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. भारद्वाज को नई दिल्ली के करकड़डूमा कोर्ट कॉम्प्लेक्स में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने पूछताछ के लिए पुलिस को उसकी कस्टडी सौंपी.
जुलाई के मामले में शुक्रवार को हुई गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस ने भारद्वाज को शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया था. यह कार्रवाई जुलाई में दर्ज एक मामले से जुड़ी है, जिसमें आरोप है कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के एक प्रदर्शन के दौरान भारद्वाज ने छात्र कार्यकर्ता निशु आज़ाद के पिता संजय कुमार पर हमला किया था.
इस बीच मामला और गंभीर हो गया है. एक शिकायत के आधार पर भारद्वाज के खिलाफ अब POCSO ऐक्ट के तहत भी एक अलग केस दर्ज किया गया है, जबकि जुलाई वाली एफआईआर में SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं जोड़ दी गई हैं.
वायरल वीडियो ने भड़काया विवाद
यह मामला तब सुर्खियों में आया जब एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें भारद्वाज कथित तौर पर यह दावा करते नज़र आए कि उन्होंने संजय कुमार का ‘सिर फोड़ दिया’ और अपने लिंक्स की वजह से अब तक गिरफ्तारी से बचते रहे है.
हालांकि बाद में भारद्वाज ने हमले से इनकार करते हुए दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेर लिया था, जिसके जवाब में उन्होंने सिर्फ आत्मरक्षा में ये कदम उठाया था.
राजनीतिक हलकों में भी असर
सीजेपी पिछले कई हफ्तों से भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर प्रदर्शन कर रही थी. वहीं इस विवाद के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने खुद को भारद्वाज से पूरी तरह अलग कर लिया है.
-ममता सिंह
"जंतर-मंतर पर हुई मारपीट के मामले में गिरफ्तार स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. भा…"













