दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया. मोती बाग के पास एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं.

दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, घटना की सूचना दोपहर करीब 1:30 बजे मिली थी. इसके बाद दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल राहत और बचाव का काम तेजी से चल रहा है.

स्थानीय लोगों ने भी संभाला मोर्चा

इमारत गिरने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए. पुलिस और दमकलकर्मियों के साथ मिलकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की गई.

अब तक दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है. कुछ घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की भी बात कही गई है. हालांकि, अभी घायलों और मलबे में फंसे लोगों की कुल संख्या स्पष्ट नहीं है.

NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची

दिल्ली पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 1:34 बजे साउथ कैंपस थाने को नानकपुरा गुरुद्वारे के पास इमारत गिरने की पीसीआर कॉल मिली थी. सूचना के बाद स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, कैट एंबुलेंस और दूसरी आपातकालीन सेवाओं को मौके पर भेजा गया.

NDRF की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है. बचाव दल मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं.

कैसे गिरी इमारत? जांच जारी

हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इमारत किस वजह से गिरी. क्या इमारत पहले से जर्जर थी या वहां किसी तरह का निर्माण कार्य चल रहा था? फिलहाल इसकी आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है.

मौके की तस्वीरों में पूरी इमारत मलबे में तब्दील नजर आ रही है. पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत कार्य के साथ-साथ हादसे की वजह का भी पता लगाने में जुटी हैं.

फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है. प्रशासन की ओर से आगे की जानकारी मिलने का इंतजार है.


 

"दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया. मोती बाग के पास एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ल…"