मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ का दो दिवसीय दौरा स्थगित कर दिया है. यह दौरा 7 और 8 अक्टूबर को प्रस्तावित था. 

कार्यक्रम के अनुसार ज्ञानेश कुमार को दंतेवाड़ा जिले में स्थित प्रसिद्ध दंतेश्वरी माता मंदिर के दर्शन करने थे. इसके अलावा वे बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात और कवर्धा जिले के भोरमदेव मंदिर भी जाने वाले थे.

6 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से एक पत्र जारी किया गया था. इसमें बताया गया था कि कुमार को उनके प्रवास की अवधि के लिए राजकीय अतिथि घोषित किया गया है. साथ ही उनके लिए आवश्यक प्रोटोकॉल व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए गए थे.

दौरा स्थगित होने की सूचना भी इसी कार्यालय के पत्र के जरिए दी गई. पत्र में कहा गया है कि चुनाव आयोग ने मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार और आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का छत्तीसगढ़ दौरा कार्यक्रम अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया है. पत्र के अनुसार दौरे की नई तारीख आयोग से प्राप्त होने के बाद अलग से सूचित की जाएगी.

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब दिल्ली में विपक्षी नेताओं और पुलिस के बीच तीखा गतिरोध बना हुआ है. मंगलवार देर रात कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया था. बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया. हिरासत के बाद पूरे दिन टकराव की स्थिति बनी रही.

 

-ममता सिंह 

"मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ का दो दिवसीय दौरा स्थगित कर दिया है. यह दौरा 7 और 8 अक…"