अगर आपका पैसा किसी विदेशी क्रिप्टो एक्सचेंज या प्लेटफ़ार्म पर लगा है, तो यह ख़बर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. भारत की Financial Intelligence Unit (FIU-IND) ने 15 क्रिप्टो प्लेटफॉर्म को PMLA नियमों के कथित गैर-अनुपालन को लेकर नोटिस जारी किया है. कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब भारत में क्रिप्टो लेनदेन पर निगरानी लगातार सख्त की जा रही है.

अब सवाल यह है कि इन प्लेटफ़ार्म पर पैसा लगाने वाले निवेशकों के फंड और क्रिप्टो एसेट पर इसका क्या असर पड़ेगा? FIU-IND के इस कदम से उन भारतीय निवेशकों की चिंता बढ़ सकती है, जो इन विदेशी प्लेटफ़ार्म पर क्रिप्टोकरेंसी खरीदने-बेचने या रखने के लिए सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं.

किन 15 क्रिप्टो प्लेटफ़ार्म को नोटिस?

FIU-IND की कार्रवाई की जद में Weex, Blofin, Rezorex, Bitunix, DigiFinex, Toobit, XT.com, Latoken, WOO X, Pionex, ChangeNow, SimpleSwap, FixedFloat, WhiteBIT और Guardarian शामिल हैं.

ये सभी प्लेटफ़ार्म अलग-अलग तरह की वर्चुअल डिजिटल एसेट यानी क्रिप्टो से जुड़ी सेवाएँ उपलब्ध कराते हैं.

ये भी पढ़ें: ई-कॉमर्स कंपनियों पर सरकार ने क्यों बदले विदेशी निवेश के नियम? Amazon-Flipkart पर क्या होगा असर

आखिर FIU ने इन प्लेटफ़ार्म को नोटिस क्यों दिया?

भारत में मार्च 2023 से वर्चुअल डिजिटल एसेट यानी VDA से जुड़ी कुछ गतिविधियों को Prevention of Money Laundering Act (PMLA) के दायरे में लाया गया है. इसके तहत क्रिप्टो से जुड़ी सेवाएं देने वाली संस्थाओं पर मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद के वित्तपोषण को रोकने से जुड़े नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी होती है.

इनमें ग्राहकों की पहचान यानी KYC, संदिग्ध लेनदेन की निगरानी और कानून के मुताबिक संबंधित जानकारी FIU-IND को उपलब्ध कराने जैसी जिम्मेदारियां शामिल हैं.

खास बात यह है कि किसी क्रिप्टो प्लेटफ़ार्म का विदेश में पंजीकृत होना उसे भारतीय नियमों से अपने आप बाहर नहीं करता. यदि वह भारत में ऐसे कारोबार या सेवाएं करता है जो PMLA के दायरे में आती हैं, तो उस पर भारतीय अनुपालन संबंधी जिम्मेदारियां लागू हो सकती हैं.

क्या निवेशकों का पैसा डूब जाएगा?

यह सवाल सबसे अहम है। FIU की ओर से नोटिस जारी होने का सीधा मतलब यह नहीं है कि इन प्लेटफॉर्म पर रखा निवेश तुरंत जब्त हो जाएगा या निवेशकों का पूरा पैसा डूब जाएगा. हालांकि, निवेशकों के लिए यह एक महत्वपूर्ण रेगुलेटरी रिस्क ज़रूर है.

यदि किसी प्लेटफ़ार्म का भारत में नियामकीय अनुपालन सवालों के घेरे में है, तो उसकी सेवाओं या भारत से पहुंच पर आगे असर पड़ सकता है. इसलिए ऐसे प्लेटफ़ार्म का इस्तेमाल करने वाले निवेशकों को घबराकर किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपनी क्रिप्टो संपत्ति किसी दूसरे वॉलेट में ट्रांसफर नहीं करनी चाहिए.

निवेशकों को अभी क्या करना चाहिए?

अगर आपका क्रिप्टो निवेश इनमें से किसी प्लेटफ़ार्म पर है, तो सबसे पहले अपने खाते और होल्डिंग की स्थिति जांचें. अपने जमा, निकासी और लेनदेन के सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखें. किसी ईमेल, फोन कॉल या सोशल मीडिया संदेश में मिले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें.

खासकर ऐसे संदेशों से सावधान रहें जिनमें तुरंत पैसा निकालने या किसी दूसरे वॉलेट में ट्रांसफर करने के लिए कहा जा रहा हो. साथ ही, यह भी समझना जरूरी है कि FIU में पंजीकरण या किसी प्लेटफॉर्म का नियामकीय अनुपालन निवेश पर मुनाफे या पूंजी की सुरक्षा की गारंटी नहीं है.

भारत में क्रिप्टो पर बढ़ रही निगरानी

FIU-IND इससे पहले भी विदेशी क्रिप्टो प्लेटफ़ार्म के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है. इससे संकेत मिलता है कि भारत में क्रिप्टो बाजार पर मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध वित्तीय गतिविधियों के जोखिम को देखते हुए निगरानी लगातार सख्त की जा रही है.

निवेशकों के लिए सीधी बात यह है कि क्रिप्टो प्लेटफ़ार्म चुनते समय केवल रिटर्न, ट्रेडिंग वॉल्यूम या लोकप्रियता को आधार न बनाएं. यह भी देखें कि प्लेटफ़ार्म भारत में लागू नियमों का पालन कर रहा है या नहीं और उससे जुड़े नियामकीय जोखिम क्या हैं.

डिस्क्लेमर: क्रिप्टो करेंसी में निवेश अत्यधिक जोखिम वाला हो सकता है. निवेश करने से पहले पूरी जानकारी हासिल करें और जरूरत पड़ने पर योग्य वित्तीय सलाहकार से सलाह लें.

 

"अगर आपका पैसा किसी विदेशी क्रिप्टो एक्सचेंज या प्लेटफ़ार्म पर लगा है, तो यह ख़बर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. भारत की Financial Intelligence…"