भारत की अर्थव्यवस्था ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 7.8% की वास्तविक GDP वृद्धि दर्ज की है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल-जून तिमाही में वास्तविक GDP ₹81.36 लाख करोड़ रही, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह ₹75.46 लाख करोड़ थी. वास्तविक GVA भी 8.2% बढ़ी. 

लेकिन यहीं से एक बड़ा सवाल खड़ा होता है ,अगर अर्थव्यवस्था इतनी तेज रफ़्तार से बढ़ रही है, तो शेयर बाजार में डर क्यों है?

9 सितंबर को Sensex 813 अंक टूटकर 74,764 पर और Nifty 203 अंक गिरकर 23,431 पर बंद हुआ. दोनों सूचकांक तीन महीने के निचले स्तर पर पहुंच गए.

GDP मजबूत, फिर बाजार कमजोर क्यों?

इसका पहला कारण है कि GDP और शेयर बाजार एक ही चीज नहीं मापते. GDP देश में वस्तुओं और सेवाओं के कुल उत्पादन की तस्वीर दिखाती है, जबकि शेयर बाजार आने वाले महीनों और वर्षों में कंपनियों की कमाई और जोखिम का अनुमान लगाता है. यानी आज GDP 7.8% है, लेकिन निवेशक यह देख रहा है कि छह महीने बाद कंपनियों का मुनाफा कितना रहेगा. यहीं से कच्चे तेल की कीमत सबसे बड़ा खतरा बनकर सामने आती है.

मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण Brent crude 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया है. भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है. इसलिए महंगा तेल देश का आयात बिल बढ़ाता है, रुपये पर दबाव डालता है और कंपनियों की लागत बढ़ा सकता है.

ये भी पढ़ें: महंगाई की मार : चार महीने में CPI 3.48% से 4.45% पर, खाद्य महंगाई 5.52%; गांवों पर शहरों से ज्यादा

रुपये की कमजोरी भी बाजार के लिए खतरा

09 सितंबर को रुपया करीब 95.30 रुपये प्रति डॉलर तक कमजोर हुआ. महंगा तेल और संभावित विदेशी पूंजी निकासी इसके पीछे प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं. कमजोर रुपया उन कंपनियों के लिए परेशानी पैदा कर सकता है जिनका कच्चा माल या अन्य लागत डॉलर में है.

दूसरी तरफ IT जैसी निर्यात आधारित कंपनियों को कुछ फायदा हो सकता है, लेकिन अगर अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची रहती हैं और वहां तकनीकी खर्च पर दबाव आता है तो IT कंपनियों की मांग प्रभावित हो सकती है.

विदेशी निवेशक GDP नहीं, जोखिम और मुनाफा देखता है

शेयर बाजार का दूसरा बड़ा संकेत विदेशी निवेशकों की सोच है. विदेशी निवेशक केवल यह नहीं देखते कि भारत की GDP 7.8% बढ़ रही है. वे यह भी देखते हैं कि महंगाई कितनी है, तेल कितना महंगा है, रुपया किस दिशा में है, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड क्या है और कंपनियों की कमाई कितनी बढ़ सकती है.

अमेरिका में 10 वर्षीय बॉन्ड यील्ड करीब 4.84% तक पहुंची है. साथ ही तेल की कीमत बढ़ने से वैश्विक महंगाई को लेकर चिंता बढ़ी है. ऐसे माहौल में निवेशक उभरते बाजारों में जोखिम लेने से बच सकते हैं.

IT शेयरों ने भी बढ़ाया दबाव

बाजार की कमजोरी केवल तेल तक सीमित नहीं है. 9 सितंबर को Nifty IT सूचकांक करीब 3.2% गिरा। IT कंपनियों पर अमेरिका की ब्याज दर और तकनीकी खर्च से जुड़ी चिंताओं का असर पड़ा. चूंकि बड़ी IT कंपनियां Sensex और Nifty में महत्वपूर्ण वजन रखती हैं, इसलिए इन शेयरों की तेज गिरावट पूरे सूचकांक को नीचे खींच सकती है.

GDP के आंकड़ों पर भी उठे सवाल

एक और महत्वपूर्ण पहलू GDP के आंकड़ों को लेकर उठी बहस है. आधिकारिक आंकड़ों में 7.8% वृद्धि दर्ज हुई है और सरकार ने इसे भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का संकेत बताया है.

हालांकि कुछ अर्थशास्त्रियों ने नए आंकड़ों और आधार वर्ष में बदलाव से जुड़े प्रभावों पर सवाल उठाए हैं. इसलिए इस समय यह कहना सही नहीं होगा कि GDP का आंकड़ा गलत है. लेकिन आंकड़ों की गुणवत्ता और उनकी व्याख्या पर चल रही बहस को नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता.

असली परीक्षा अब शुरू होगी

दरअसल, बाजार और अर्थव्यवस्था के बीच विरोधाभास उतना बड़ा नहीं है जितना पहली नजर में दिखाई देता है. 7.8% GDP भारत की मौजूदा आर्थिक गतिविधियों की मजबूती दिखाती है, जबकि Sensex-Nifty की कमजोरी भविष्य के जोखिमों की कीमत बता रही है. 

अब बाजार यह देखेगा कि क्या मजबूत आर्थिक वृद्धि कंपनियों के मुनाफे में बदलती है, क्या महंगा तेल लंबे समय तक रहता है, रुपया कितना दबाव झेलता है और विदेशी निवेशक भारत में फिर बड़े पैमाने पर पैसा लगाते हैं या नहीं. यही चार संकेत तय करेंगे कि मौजूदा गिरावट केवल बाजार का डर है या आने वाले समय के लिए किसी बड़े आर्थिक दबाव की चेतावनी.

 

ये भी पढ़ें: जुलाई 2026 में विदेशी कर्ज में जोरदार बढ़ोतरी, भारतीय कंपनियों ने जुटाए 7.70 अरब डॉलर

"भारत की अर्थव्यवस्था ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 7.8% की वास्तविक GDP वृद्धि दर्ज की है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल-जून त…"