पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़ी हलचल शुरू हो गई है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व सांसद सुष्मिता देब, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बड़ाइक गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए. पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में तीनों ने सदस्यता ली.
इन तीनों नेताओं ने पहले ही TMC से इस्तीफा दे दिया था. अब उनके बीजेपी में शामिल होने को राज्य की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है. खास बात यह है कि पश्चिम बंगाल में जल्द ही राज्यसभा की तीन सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं और ये सीटें इन्हीं नेताओं के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं.
विकास और एकजुटता पर दिया जोर
BJP में शामिल होने के बाद समिक भट्टाचार्य ने कहा कि तीनों पूर्व सांसदों का संसदीय अनुभव काफी अच्छा रहा है और अब वे पश्चिम बंगाल के विकास के उद्देश्य से पार्टी के साथ काम करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि BJP के सभी नेता और कार्यकर्ता एक ही नीति और विचारधारा के साथ आगे बढ़ते हैं.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाल के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है और इसी सोच के साथ इन नेताओं ने BJP का दामन थामा है.
विधानसभा चुनाव के बाद दिया था इस्तीफ़ा
बता दें कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद सुष्मिता देब, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बड़ाइक ने TMC से इस्तीफा दे दिया था. इस्तीफे के बाद सुष्मिता देब की असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात भी चर्चा में रही थी. अब तीनों नेताओं के बीजेपी में शामिल होने से पश्चिम बंगाल की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है.
"पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़ी हलचल शुरू हो गई है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व सांसद सुष्मिता देब, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रका…"
