कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की ऑटोबायोग्राफी ‘Belonging: A Journey of Love’ अब हार्परकॉलिन्स इंडिया प्रकाशित करेगा. किताब 10 नवंबर 2026 को बाजार में आएगी. लंबे समय से ये किताब चर्चा में है.

हार्परकॉलिन्स इंडिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी. प्रकाशक ने बताया कि ‘Belonging’ सोनिया गांधी की आत्मकथा है. इसमें प्यार, पहचान, कर्तव्य और अपनापन जैसे पहलुओं को करीब से समझने का मौका मिलेगा.

खास बात यह है कि किताब के जरिए भारत की राजनीतिक और सामाजिक यात्रा को भी सोनिया गांधी के नजरिए से देखा जा सकेगा. यही वजह है कि इसे इस दौर की सबसे चर्चित राजनीतिक आत्मकथाओं में से एक माना जा रहा है.

पहले पेंगुइन रैंडम हाउस करने वाला था प्रकाशित

गौरतलब है कि इससे पहले पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया इस किताब को प्रकाशित करने वाला था. हालांकि, बाद में प्रकाशन का फैसला वापस ले लिया गया.

सूत्रों के मुताबिक, पेंगुइन ने किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस से जुड़े कुछ अंशों में बदलाव करने की सलाह दी थी. बताया जाता है कि सोनिया गांधी इन अंशों को हटाने या बदलने के लिए तैयार नहीं हुईं. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी.

हालांकि, पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने बाद में अपने फैसले पर सफाई दी थी. प्रकाशक ने कहा था कि किसी किताब को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच करना और जरूरी संपादकीय सुझाव देना उसकी जिम्मेदारी है.

पेंगुइन ने यह भी कहा था कि वह किताब को प्रकाशित करने के लिए तैयार था. लेकिन लेखक की ओर से संपादकीय बदलावों को स्वीकार नहीं किए जाने के कारण प्रकाशन का फैसला आगे नहीं बढ़ सका. साथ ही, कंपनी ने सोनिया गांधी के साथ हुई बातचीत को गोपनीय बताते हुए उस पर ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार किया था.

पवन खेड़ा ने पेंगुइन पर साधा निशाना

अब जब हार्परकॉलिन्स इंडिया ने किताब के प्रकाशन का ऐलान किया है, तो कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है.

उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए पेंगुइन पर तंज कसा. पवन खेड़ा ने लिखा, “पेंगुइन चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, वह उड़ नहीं सकता.”

साफ है कि खेड़ा का यह बयान पेंगुइन रैंडम हाउस के पहले लिए गए फैसले पर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है. अब सबकी नजर 10 नवंबर पर है, जब सोनिया गांधी की यह चर्चित किताब पाठकों के हाथ में होगी.


 

"कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की ऑटोबायोग्राफी ‘Belonging: A Journey of Love’ अब हार्परकॉलिन्स इंडिया प्रकाशित करेगा. किताब 10 नवंबर 2026 को बा…"