पंजाब के संगरूर जिले में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है. दिड़बा (Dirba) के रहने वाले 50 वर्षीय गुलजार सिंह ने बीते सप्ताह एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान इलाके में खुलेआम नशा बिकने का मुद्दा उठाया था. बताया जा रहा है कि उन्होंने खुद कहा था कि उनका बेटा भी 'चिट्टे' की लत का शिकार है और आसानी से यह नशा उपलब्ध होने के कारण प्रशासन सवालों के घेरे में है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था.
क्या है पूरा मामला
परिवार और गांव वालों का आरोप है कि इस बयान के बाद गुलजार सिंह पर पुलिस का दबाव बढ़ गया था और उन्हें कथित तौर पर परेशान किया जा रहा था. इसी उत्पीड़न से तंग आकर उन्होंने ज़हरीला पदार्थ खा लिया, जिसे सल्फास बताया जा रहा है. हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले दिड़बा के अस्पताल, फिर पटियाला के राजिंदरा अस्पताल और आखिर में इलाज के लिए लुधियाना रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई.
परिवार और विपक्ष के आरोप
गुलजार सिंह की मौत से पहले एक वीडियो सामने आया था जिसमें वे खुद वित्त मंत्री और दिड़बा से विधायक हरपाल सिंह चीमा का नाम लेते हुए दिख रहे थे. विपक्षी दलों ने इसे लपकते हुए आम आदमी पार्टी सरकार पर सीधा हमला बोला है और आरोप लगाया है कि सवाल उठाने वाले नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है.
बता दें कि गुलजार सिंह की मौत से पहले भी सुनाम में मुख्यमंत्री की रैली के दौरान काले झंडे दिखाने पर एक अन्य किसान मोहनजीत सिंह के साथ कथित उत्पीड़न का मामला सामने आ चुका है.
ये भी पढ़ें: पंजाब कस्टडी टॉर्चर मामला: NHRC ने मांगी जांच रिपोर्ट, FIR के निर्देश
पुलिस और सरकार का पक्ष
पंजाब पुलिस ने उत्पीड़न और प्रताड़ना के सभी आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि मामले की जांच की जा रही है. सरकार या मंत्री हरपाल चीमा की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत बयान सार्वजनिक नहीं हुआ है.
पंजाब में नशे का संकट
यह घटना ऐसे समय हुई है जब पंजाब में ड्रग ओवरडोज़ से जुड़ी मौतें लगातार सुर्खियों में हैं. बीते कुछ महीनों में कई मौकों पर विपक्ष ने राज्य सरकार पर 'नशा मुक्त पंजाब' के वादे को पूरा न कर पाने का आरोप लगाया है, जबकि सरकार का दावा है कि नशा तस्करी के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई हो रही है.
-ममता सिंह
"पंजाब के संगरूर जिले में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है. दिड़बा (Dirba) के रहने वाले 50 वर्षीय ग…"













