प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचे. पीएम मोदी के पहुंचते ही एयरपोर्ट पर खास नजारा देखने को मिला.
आमतौर पर किसी विदेशी नेता के दौरे में एयरपोर्ट पर स्वागत की जिम्मेदारी विदेश मंत्री या वरिष्ठ अधिकारी निभाते हैं. लेकिन इस बार उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने खुद एयरपोर्ट पहुंचकर पीएम मोदी का स्वागत किया. जैसे ही दोनों नेता आमने-सामने आए, राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी को गले लगा लिया. दोनों नेताओं की यह गर्मजोशी साफ नजर आई. स्वागत के बाद दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर आगे के कार्यक्रम के लिए रवाना हुए. राष्ट्रपति मिर्जियोयेव का यह अंदाज भारत और उज्बेकिस्तान के बीच मजबूत रिश्तों को दिखाता है.
पीएम मोदी ने जताया राष्ट्रपति मिर्जियोयेव का आभार
ताशकंद एयरपोर्ट पर हुए इस खास स्वागत के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीरें शेयर कीं. उन्होंने राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव का धन्यवाद किया. पीएम मोदी ने कहा कि ताशकंद में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए वह राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के आभारी हैं. उन्होंने इस खास जेस्चर के लिए भी उनका शुक्रिया अदा किया. पीएम मोदी ने यह भी बताया कि यह उज्बेकिस्तान की उनकी चौथी यात्रा है. उन्होंने कहा कि यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों में बढ़ती गहराई और तेजी को दर्शाता है.
‘यांगी उज्बेकिस्तान पार्क’ पहुंचे दोनों नेता
एयरपोर्ट से निकलने के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव सीधे ‘यांगी उज्बेकिस्तान पार्क’ पहुंचे. यह पार्क उज्बेकिस्तान की आजादी और उसकी आधुनिक पहचान का प्रतीक माना जाता है. यहां पीएम मोदी ने स्वतंत्रता स्मारक पर पुष्प चढ़ाये. उन्होंने उज्बेकिस्तान के इतिहास और आजादी के संघर्ष को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान राष्ट्रपति मिर्जियोयेव भी लगातार पीएम मोदी के साथ मौजूद रहे. उन्होंने स्मारक से जुड़ी जरूरी जानकारियां भी साझा कीं. उन्होंने कहा कि यह स्मारक उज्बेकिस्तान की आजादी की 30वीं वर्षगांठ के मौके पर बनाया गया था.
व्यापार से सुरक्षा तक, इन मुद्दों पर होगी अहम बातचीत
पीएम मोदी के दो दिवसीय दौरे में भारत और उज्बेकिस्तान के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी. दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत भी होगी.
इस दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, तकनीक और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों पर खास फोकस रहने की उम्मीद है.
व्यापार और निवेश: दोनों देश आपसी व्यापार बढ़ाने पर चर्चा करेंगे. साथ ही भारतीय कंपनियों के लिए मध्य एशिया में नए अवसर तलाशने पर भी बातचीत होगी.
रक्षा और सुरक्षा: आतंकवाद, कट्टरपंथ और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की कोशिश होगी.
डिजिटल कनेक्टिविटी: भारत अपने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और UPI जैसे मॉडल का अनुभव उज्बेकिस्तान के साथ साझा कर सकता है.
ऊर्जा और यूरेनियम: यूरेनियम सप्लाई और रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी.
स्किल डेवलपमेंट: युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम को बढ़ाने और भारतीय शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग पर भी बातचीत हो सकती है.
सांस्कृतिक संबंध: दोनों देशों के लोगों, छात्रों और पर्यटकों की आवाजाही को आसान बनाने के तरीकों पर भी चर्चा होगी.
लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल भी जाएंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी के इस दौरे का एक भावुक पहलू भी है. वह ताशकंद में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के स्मारक पर जाएंगे और उन्हें श्रद्धांजलि देंगे. लाल बहादुर शास्त्री ने ताशकंद में ही अंतिम सांस ली थी. ऐसे में यह स्मारक भारत और उज्बेकिस्तान के ऐतिहासिक रिश्तों की एक अहम कड़ी है. पीएम मोदी ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में बने महात्मा गांधी सेंटर का भी दौरा करेंगे. यहां वह महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे.
उज्बेकिस्तान के बाद किर्गिस्तान जाएंगे पीएम मोदी
उज्बेकिस्तान का दौरा पूरा करने के बाद पीएम मोदी किर्गिज गणराज्य के लिए रवाना होंगे. यहां वह शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. यह SCO का 26वां शिखर सम्मेलन होगा. इसका आयोजन संगठन की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर किया जा रहा है. भारत 2017 से SCO का पूर्णकालिक सदस्य है. संगठन के मंच पर भारत क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद और व्यापारिक कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों को लगातार प्रमुखता देता रहा है. पीएम मोदी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत मध्य एशियाई देशों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दे रहा है. उज्बेकिस्तान में राष्ट्रपति मिर्जियोयेव का गर्मजोशी भरा स्वागत भी दोनों देशों के बीच बढ़ती नजदीकी की एक झलक माना जा रहा है.
"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचे. पीएम मोदी के पहुंचते ही एयरपोर्ट पर खा…"
