नोएडा से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक नाबालिग छात्रा को स्लीपर बस में गैंगरेप का शिकार बनाया गया. पुलिस ने इस मामले में तेज़ी से कार्रवाई करते हुए आरोपी बस ड्राइवर और कंडक्टर, दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 4 अगस्त की है. पीड़िता किसी बात को लेकर अपने घरवालों से नाराज़ थी और घर छोड़कर नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी. उसी दौरान तेज़ बारिश और अंधेरे की वजह से वह रास्ता भटक गई और गलती से परी चौक पर उतर गई.
इसी बीच वहां से एक खाली स्लीपर बस गुज़री, जिसे छात्रा ने रोक लिया. बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे भरोसा दिलाया कि बस नोएडा सेक्टर 63 की तरफ जा रही है, और उसे अंदर बिठा लिया.
बस में हुई वारदात
पुलिस सूत्रों के हवाले से सामने आया है कि बस के थोड़ी दूर निकलने के बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. छात्रा के विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई. आरोप है कि इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर, दोनों ने मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया. बस में लगे पर्दों की वजह से बाहर किसी को इस वारदात की भनक तक नहीं लगी.
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन बस में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक कराने के लिए दोनों आरोपी उसे सूरजपुर की एक वर्कशॉप ले गए थे. मरम्मत के बाद वे खाली बस लेकर तिमारपुर की ओर लौट रहे थे, तभी परी चौक पर उन्हें छात्रा मिली.
आरोपी गिरफ्तार, बस फॉरेंसिक जांच के लिए भेजी गई
वारदात के बाद आरोपियों ने छात्रा को कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारा और मौके से फरार हो गए. छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस हरकत में आई और दोनों आरोपियों को तिमारपुर की बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया. बस को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.
-ममता सिंह
"नोएडा से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक नाबालिग छात्रा को स्लीपर बस में गैंगरेप का शिकार बनाया गया. पुलिस ने इस मामले म…"
