जम्मू-कश्मीर में रविवार की सुबह हुई तेज बारिश ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई. पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की घटनाओं में कम से कम 10 लोगों की जान चली गई. कई लोग लापता बताए जा रहे हैं. वहीं राहत और बचाव टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रही है. उधर, किश्तवाड़ में बादल फटने से कई घर और अन्य ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं. राजौरी में भी लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों से बिना जरूरी कारण यात्रा से बचने की अपील की है. नूनाबंदी गांव में मकान गिरने से नाजिया कौसर की जान चली गई और उनके परिवार के सदस्य घायल हो गए. लोअर मुर्रा में एक मकान के मलबे में दबने से मोहम्मद लतीफ समेत छह लोग लापता हो गए. वहीं, मरहोट में एक नाबालिग लड़की पानी के तेज बहाव के कारण बह गई और धुंदक-लाथूंग पुल के पास एक अज्ञात महिला का शव मिला है.
कश्मीर के कई जिलों में बारिश का कहर
किश्तवाड़ के दाछन क्षेत्र के सुरनू में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं. लगातार बारिश और सलाल व बगलिहार बांध से पानी छोड़े जाने के कारण चिनाब नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है. जिससे नदी किनारे के कई घाट और मंदिर परिसर पानी की चपेट में आ गए हैं. वहीं, जम्मू के पीर खो इलाके में तवी नदी में फंसे तीन लोगों को निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम राहत अभियान चला रही है. नौशहरा में भी मूसलाधार बारिश के चलते मनावर नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है, जबकि तेज बहाव में कई बिजली के खंभे बह जाने से बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है.
भारी बारिश से राजौरी में बाढ़ जैसे हालात
राजौरी में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. उफनते नदी-नालों के तेज बहाव में कई वाहन बह गए, जबकि निचले क्षेत्रों के घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. राहत एवं बचाव दल प्रभावित इलाकों में तैनात हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार की बारिश पिछले कई वर्षों की तुलना में कहीं अधिक तेज रही है, जिससे फसलों और मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है. उधर, जम्मू में तवी नदी और अखनूर क्षेत्र में चिनाब नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है.
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला जम्मू के लिए रवाना होंगे
जम्मू संभाग में भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपना दिल्ली दौरा बीच में ही समाप्त करने का फैसला किया है. उन्होंने कहा कि राजौरी समेत प्रभावित इलाकों की स्थिति पर वह लगातार नजर बनाए हुए हैं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के साथ संपर्क में हैं. राजौरी में रातभर हुई बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ से निचले क्षेत्रों में पानी भर गया, जिसके चलते सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. वहीं, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी वरिष्ठ अधिकारियों से हालात की समीक्षा कर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं.
"जम्मू-कश्मीर में रविवार की सुबह हुई तेज बारिश ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई. पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की घटना…"
