हैदराबाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर एक सड़क का नाम रखा गया है. पहले इस सड़क का नाम यूएस कॉन्सुलेट रोड था, लेकिन अब इसे "डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू" कहा जाएगा. यह सड़क हैदराबाद के नानकरामगुड़ा स्थित फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास है.

मंगलवार को इस सड़क का उद्घाटन किया गया. इस कार्यक्रम में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान सड़क के नए नाम की पट्टिका का भी अनावरण किया गया.

पहली बार ट्रंप के नाम पर सड़क

डोनाल्ड ट्रंप दुनिया के सबसे चर्चित और विवादित नेताओं में से एक माने जाते हैं. ऐसे में भारत में उनके नाम पर सड़क का नाम रखा जाना चर्चा का विषय बन गया है. खास बात यह है कि ट्रंप भारत में सड़क के नाम से सम्मानित होने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए हैं.

तेलंगाना सरकार ने क्यों लिया ये फैसला?

तेलंगाना सरकार का कहना है कि यह कदम केवल ट्रंप के सम्मान के लिए नहीं, बल्कि हैदराबाद और अमेरिका के बीच मजबूत होते आर्थिक और रणनीतिक रिश्तों को दर्शाने के लिए उठाया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, सड़क का नामकरण अमेरिका और भारत के बढ़ते सहयोग को सम्मान देने का प्रतीक है.

कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी की सबसे तेज़ प्रगति हैदराबाद में देखने को मिलती है. आईटी, एयरोस्पेस और रक्षा जैसे क्षेत्रों में यह शहर दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा दे रहा है.

सड़क का नाम बदलने की एक वजह अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ भी बताई जा रही है. अमेरिका 4 जुलाई को अपनी स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाएगा और इसके लिए 2026 अंत तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2024 में अमेरिका में लगभग 12.3 लाख तेलुगु भाषी लोग रह रहे थे. यही कारण है कि अमेरिका और तेलुगु समुदाय के बीच संबंध लगातार मजबूत होते जा रहे हैं.

'वीजा बालाजी मंदिर' की भी चर्चा

हैदराबाद के पास स्थित प्रसिद्ध चिलकुर बालाजी मंदिर को भी लोग "वीजा बालाजी मंदिर" के नाम से जानते हैं. यहां बड़ी संख्या में लोग अमेरिकी वीजा मिलने की कामना लेकर आते हैं.

वहीं, भारत में इससे पहले किसी अमेरिकी राष्ट्रपति के नाम पर सड़क नहीं थी. हालांकि कोलकाता में नागरिक अधिकारों के नेता मार्टिन लूथर किंग जूनियर के नाम पर "मार्टिन लूथर किंग जूनियर सरणी" नाम की सड़क मौजूद है.

"हैदराबाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर एक सड़क का नाम रखा गया है. पहले इस सड़क का नाम यूएस कॉन्सुलेट रोड था, लेकिन अब इसे "…"