राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 11 सितंबर को छुट्टी रहेगी. यह दिन शुक्रवार है. इस दिन सरकारी दफ्तरों के साथ स्कूल और कॉलेज भी बंद रहेंगे. यह फैसला BRICS Summit को देखते हुए लिया गया है. दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने इससे जुड़ा आदेश जारी किया है. उपराज्यपाल कार्यालय के मुताबिक, 11 सितंबर को सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे. इसके अलावा स्वायत्त संस्थान और पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग यानी PSU भी बंद रहेंगे.

क्यों लिया गया छुट्टी का फैसला?

दरअसल, दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को 18वां BRICS शिखर सम्मेलन होने जा रहा है. यह आयोजन प्रगति मैदान के भारत मंडपम में होगा. BRICS दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों का संगठन है. इस साल भारत इसकी अध्यक्षता कर रहा है. समिट को लेकर दिल्ली में सुरक्षा और ट्रैफिक से जुड़े इंतजाम भी किए जा रहे हैं. इसी वजह से 11 सितंबर को छुट्टी रखने का फैसला लिया गया है.

दिल्ली वालों को मिलेगा लंबा वीकेंड

11 सितंबर शुक्रवार है. इसके बाद 12 सितंबर शनिवार और 13 सितंबर रविवार है. ऐसे में शुक्रवार की छुट्टी के बाद लगातार दो दिन वीकेंड रहेगा. यानी दिल्ली वालों को तीन दिन का लंबा वीकेंड मिल जाएगा. हालांकि, एक बात अभी साफ नहीं है. आदेश में सरकारी संस्थानों को लेकर स्थिति स्पष्ट है. लेकिन निजी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों पर यह छुट्टी लागू होगी या नहीं, इसे लेकर अलग से स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है.

भारत चौथी बार कर रहा BRICS की अध्यक्षता

गौरतलब है कि भारत BRICS के संस्थापक सदस्यों में शामिल है. इससे पहले भारत 2012, 2016 और 2021 में BRICS की अध्यक्षता कर चुका है. भारत ने 1 जनवरी 2026 को चौथी बार संगठन की अध्यक्षता संभाली थी. इस साल BRICS अपनी स्थापना के 20 साल भी पूरे कर रहा है. 

इसी मौके पर 12 और 13 सितंबर को दिल्ली में 18वां BRICS Summit आयोजित किया जाएगा.


 

"राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 11 सितंबर को छुट्टी रहेगी. यह दिन शुक्रवार है. इस दिन सरकारी दफ्तरों के साथ स्कूल और कॉलेज भी बंद रहेंगे. यह फै…"