नई दिल्ली के बवाना इलाके में एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली तीन वर्षीय नर्सरी छात्रा के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है. पुलिस ने स्कूल में कार्यरत एक कैब चालक को इस सिलसिले में गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर कई बार अनुचित तरीके से छूता था. यह मामला तब सामने आया जब बच्ची की मां ने उसके व्यवहार में बदलाव महसूस किया और उससे पूछताछ की. बच्ची ने अपनी मां को बताया कि स्कूल में एक ‘बुरे अंकल’ उसे चॉकलेट देते हैं. चूंकि बच्ची आरोपी का नाम नहीं बता पा रही थी, इसलिए अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी दी.
24 अगस्त को स्कूल प्रशासन ने बच्ची को कुछ तस्वीरें और सीसीटीवी फुटेज दिखाई, जिसके आधार पर उसने आरोपी कैब चालक की पहचान की. इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले आठ महीनों से स्कूल में कैब चालक के तौर पर काम कर रहा था. एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, ‘सीसीटीवी फुटेज में आरोपी स्कूल परिसर में जेब में चॉकलेट लेकर घूमता नजर आ रहा है. आरोप है कि जब बच्ची वॉशरूम गई, तो उसने उसे चॉकलेट का लालच देकर सीढ़ियों के नीचे शोषण किया’.
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है, जिसमें कथित तौर पर उसके अन्य छोटे बच्चों को चॉकलेट देते हुए कई वीडियो मिले हैं. पुलिस अब वीडियो में दिखे अन्य बच्चों की पहचान कर उन्हें ज़रूरी काउंसलिंग उपलब्ध कराने की कोशिश में जुटी है. जांच के तहत स्कूल की सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ली गई है.
-ममता सिंह
"नई दिल्ली के बवाना इलाके में एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली तीन वर्षीय नर्सरी छात्रा के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है. पुलिस ने स्कू…"
