देश के गलियारों में INDIA गठबंधन की बैठकें चर्चाओं में हैं. देश की राजधानी में लगे वे पोस्टर भी चर्चा का केंद्र हैं, जिन्हें DMK ने कथित तौर पर कांग्रेस को गद्दार कहने के लिए लगवाया था. इन राजनीतिक चर्चाओं के बीच एक बैठक सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास पर भी हो गई है. सोनिया गांधी, राहुल गांधी और सी. जोसेफ विजय के बीच हुई यह मुलाकात INDIA गठबंधन और तमिलनाडु की राजनीति की कई गुत्थियां अपने भीतर समेटे हुए है.

विजय का दिल्ली दौरा

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और TVK प्रमुख सी. जोसेफ विजय 10 जून से तीन दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की है. विजय 10 जून से 12 जून तक दिल्ली में रहेंगे और 11 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में भी हिस्सा लेंगे.

INDIA गठबंधन

8 जून को संपन्न हुई INDIA गठबंधन की बैठक में स्टालिन की पार्टी नहीं पहुंची थी. दरअसल, तमिलनाडु चुनावों के बाद जब कांग्रेस ने DMK का दामन छोड़ा, तो इस बिछड़न ने गहरे निशान छोड़ दिए. इस चोट की खरोंचें गठबंधन तक पहुंच गई हैं. एम. के. स्टालिन ने INDIA गठबंधन की बैठकों से दूरी बना ली है और बेटे उदयनिधि स्टालिन ने कांग्रेस की गद्दारी के पोस्टर दिल्ली भर में लगवा दिए हैं.

DMK से हुई क्षति को भरने के लिए कांग्रेस विजय की TVK को गठबंधन के पाले में लाना चाहती है. हालांकि, TVK के पास सांसद नहीं हैं. बावजूद इसके, विजय ने चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी को अपना वैचारिक विपक्षी बताया था. ऐसे में वे INDIA गठबंधन के भरोसेमंद सहयोगी साबित हो सकते हैं. लेकिन, विजय गठबंधन के खेमे में बैठने को राजी नहीं हो रहे हैं.

तमिलनाडु की राजनीति

विजय के साथ गठबंधन करने के चलते कांग्रेस की तमिलनाडु कैबिनेट में करीब 59 साल बाद वापसी हो गई है. 1967 के बाद पहली बार कांग्रेस के मंत्री राज्य मंत्रिमंडल का हिस्सा बने हैं. 2026 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने गठबंधन के तहत 5 सीटें जीती थीं, जिसके बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अपनी सरकार के विस्तार में कांग्रेस के दो विधायकों को मंत्री बनाया था. वहीं समझौते के तहत कांग्रेस को TVK से एक राज्यसभा सीट भी मिली हुई है.

पिछली मुलाकात

विजय का यह दिल्ली दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि अपने पिछले दिल्ली दौरे के दौरान जब वे 27 मई को राजधानी आए थे, तो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व से उनकी प्रस्तावित बैठक नहीं हो सकी थी. उस समय मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचे विजय निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मिलने वाले थे, लेकिन यह मुलाकात टल गई थी.

"देश के गलियारों में INDIA गठबंधन की बैठकें चर्चाओं में हैं. देश की राजधानी में लगे वे पोस्टर भी चर्चा का केंद्र हैं, जिन्हें DMK ने कथित तौर…"