आंदोलन लोकतंत्र का एक अहम हिस्सा हैं. किसी भी कानून, नीति, अन्याय या अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए लोगों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार है. 20 जून से जंतर-मंतर पर चल रहा कॉकरोच जानता पार्टी (CJP) का आंदोलन भी छात्रों की मांगों को लेकर किया जा रहा था . आज इसी आंदोलन के तहत जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला जाना था, जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में छात्र पहुंचे थे.
हालांकि, इस मार्च की पुलिस ने अनुमति नहीं दी थी. इसके साथ ही सुरक्षा के लिए आंदोलन स्थल और आसपास के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई थी.
प्रदर्शन के दौरान कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प देखने को मिली. सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पुलिस प्रदर्शनकारियों पर लाठी चलाती दिखाई दे रहे थे. वहीं कुछ वीडियो में प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार कर संसद की ओर बढ़ने की कोशिश करते भी नजर आए. कई जगह दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर भी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला.
ऐसे में सवाल सिर्फ पुलिस या प्रदर्शनकारियों के रवैये का नहीं है. सवाल यह भी है कि ऐसे आंदोलनों का असर आम लोगों पर कितना पड़ता है. किसी भी प्रदर्शन का मकसद सरकार तक अपनी बात पहुंचाना होता है, लेकिन उसका सबसे ज्यादा असर अक्सर आम जनता को झेलना पड़ता है.
आम जनता को क्या परेशानी हुई?
आंदोलन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण सुरक्षा के लिए आसपास के कई मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद कर दिए गए. इनमें राजीव चौक, सेवा तीर्थ और केंद्रीय सचिवालय जैसे स्टेशन शामिल थे.
राजीव चौक देश के सबसे व्यस्त मेट्रो स्टेशनों में से एक है. यहां हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं. गेट बंद होने के कारण स्टेशन के बाहर भारी भीड़ लग गई. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया. इसका सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ा, जिनका आंदोलन से कोई संबंध नहीं था. नौकरी पर जाने वाले लोग, छात्र, बुजुर्ग और महिलाएं घंटों परेशान रहे.
मेट्रो के साथ-साथ सड़कों पर भी लंबा जाम लगा रहा. इससे आसपास के दुकानदारों का काम प्रभावित हुआ और रोज आने-जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कत हुई. कई जगह एम्बुलेंस और दूसरी जरूरी सेवाओं की आवाजाही पर भी असर पड़ा.
आंदोलन लोकतंत्र के लिए जरूरी हैं, लेकिन उन्हें इस तरह किया जाना चाहिए कि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो. अपनी बात सरकार तक पहुंचाना जरूरी है, लेकिन इसकी कीमत आम जनता को नहीं चुकानी चाहिए.
"आंदोलन लोकतंत्र का एक अहम हिस्सा हैं. किसी भी कानून, नीति, अन्याय या अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए लोगों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर…"
