कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 20 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार प्रदर्शन कर रही है. पार्टी NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है. लेकिन 20 जुलाई को हुए 'संसद चलो' प्रदर्शन के बाद CJP में बड़ा बदलाव देखने को मिला.
दरअसल, हाल ही में CJP के प्रवक्ता बने विजेता दहिया को पार्टी ने उनके पद से हटा दिया. इसकी जानकारी CJP ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर दी. पार्टी ने पोस्ट में लिखा,
"हम अपने प्रवक्ता विजेता दहिया की घोर असंवेदनशील हरकतों की कड़ी निंदा करते हैं. उनके वीडियो उस समय सामने आए, जब शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी और हमारी टीम पुलिस की क्रूर हिंसा का सामना कर रही थी. ऐसा आचरण अस्वीकार्य है, यह विवेक की कमी दर्शाता है और हमारे आंदोलन के मूल्यों व सिद्धांतों के पूरी तरह खिलाफ है.
इसके जवाब में हम विजेता दहिया को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता पद से हटा रहे हैं और उन्हें सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से मुक्त कर रहे हैं."
विजेता दहिया ने क्या किया?
दिल्ली में NEET परीक्षा और कथित पेपर लीक के खिलाफ CJP का 'चलो संसद' मार्च चल रहा था. इसी दौरान विजेता दहिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में वह पास के एक मॉल में बैठकर बर्गर खाते हुए दिखाई दिए.
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें प्रदर्शन के दौरान फास्ट फूड खाने को लेकर घेरना शुरू कर दिया. जब उनसे इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा,
"मैं भूखा था, इसलिए खा रहा था. मैं किसी को जवाबदेह नहीं हूं."
दहिया का यही बयान विवाद का कारण बन गया और पार्टी ने उन्हें प्रवक्ता पद से हटा दिया.
विवाद पर विजेता दहिया ने क्या कहा?
विवाद बढ़ने के बाद विजेता दहिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया. वीडियो में उन्होंने कहा,
“मैंने यह बर्गर क्यों खाया? आज का सबसे बड़ा मुद्दा यही बन गया है. कोई भी इंसान बर्गर क्यों खाता है? क्योंकि उसे भूख लगी होती है और उसका बर्गर खाने का मन होता है, that's it. मुझे इतना accountable hold करते हो, क्या यह प्रोटेस्ट कोई नौकरी है? क्या तुमने मुझे इस पद के लिए elect किया है? सरकार को जिम्मेदार ठहराते हो, लेकिन तुम्हारी इस सोच में मुझे नहीं फंसना है. मुझे राजनीति में नहीं आना है.”
उन्होंने कहा कि वह प्रदर्शन की वजह से दो दिन से सो नहीं पाए हैं. उन्होंने दावा किया कि जो लोग प्रदर्शन में हैं वह सब देख रहे हैं और ट्रोलर वे है जो घर बैठे ये सब देख रहे हैं.
हालांकि, इसी वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा,
"वैसे, मैंने बर्गर नहीं खाया, क्योंकि मुझे लगा कि इसमें मैदा और ट्रांस फैट है, और शायद मुझे कहीं और खाना चाहिए.
NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुआ CJP का प्रोटेस्ट अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. एक तरफ जहां 'संसद चलो' मार्च पर पुलिस कार्रवाई के बाद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी तरफ विजेता दहिया को पार्टी से हटाए जाने के बाद CJP के अंदरूनी फैसलों पर भी सवाल उठ रहे हैं. अब सवाल यह है कि क्या ये घटनाएं CJP के आंदोलन को और मजबूत करेंगी या फिर लगातार उठ रहे विवाद इसके अहम मुद्दे को कमजोर कर देंगे?
"कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 20 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार प्रदर्शन कर रही है. पार्टी NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री ध…"
