संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र के लिए बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान को नया अध्यक्ष चुना गया है. मंगलवार को हुए चुनाव में उन्होंने साइप्रस के उम्मीदवार एंड्रियास काकोरिस को बेहद करीबी मुकाबले में हराया. यह चुनाव ऐसे समय में हुआ है जब दुनिया कई बड़े युद्धों, मानवीय संकटों और अंतरराष्ट्रीय तनावों का सामना कर रही है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा में कुल 193 सदस्य देश है. चुनाव के दौरान 190 देशों ने मतदान किया. खलीलुर रहमान को 99 वोट मिले, जबकि साइप्रस के उम्मीदवार एंड्रियास काकोरिस को 91 वोट प्राप्त हुए.
जीत के लिए 96 वोटों की जरूरत थी और खलीलुर रहमान ने यह आंकड़ा पार करते हुए जीत दर्ज की है. दोनों उम्मीदवारों के बीच केवल 8 वोटों का अंतर रहा.
सितंबर से संभालेंगे जिम्मेदारी
खलीलुर रहमान सितंबर 2026 में शुरू होने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र की अध्यक्षता करेंगे. वह वर्तमान अध्यक्ष एनालेना बेयरबॉक का स्थान लेंगे. बेयरबॉक जर्मनी की पूर्व विदेश मंत्री हैं और संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80 साल के इतिहास में अध्यक्ष बनने वाली पांचवीं महिला रही हैं.
उनके कार्यकाल के बाद अब यह जिम्मेदारी बांग्लादेश के खलीलुर रहमान को सौंपी जाएगी. चुनाव परिणाम की घोषणा संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस की मौजूदगी में की गई.साइप्रस के उम्मीदवार एंड्रियास 40 वर्षों से अधिक के अनुभव वाले मझे हुए डिप्लोमैट हैं, जो अमेरिका, ब्रिटेन समेत कई देशों में एंबेसडर रह चुके हैं और यूएन के कामकाज को अच्छी तरह जानते हैं. उनकी थीम "हमारा घर, हमारा भविष्य, हमारी जिम्मेदारी" पर फोकस था.
UNGA अध्यक्षों के कार्य
UNGA के अध्यक्ष महासभा की बैठकों का संचालन करते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि सभी सदस्य देशों के बीच चर्चा सही तरीके से हो. वे बैठक का एजेंडा तय करने, देशों के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने और महासभा की कार्यवाही को ठीक तरह से चलाने की जिम्मेदारी निभाते हैं.
यह पद संयुक्त राष्ट्र महासचिव (Secretary-General) से अलग होता है. महासचिव पूरे संयुक्त राष्ट्र के प्रशासनिक कार्य देखते हैं, जबकि UNGA अध्यक्ष महासभा की बैठकों का नेतृत्व करते है.
दुनिया के लिए क्यों अहम है यह पद?
इस समय दुनिया कई बड़ी समस्याओ से गुजर रही है. रूस-यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया में संघर्ष, जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा और आर्थिक चुनौतियां अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने बड़ी समस्याएं बनी हुई हैं.
ऐसे समय में UNGA के अध्यक्ष की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि महासभा वह मंच है जहां दुनिया के लगभग सभी देश अपनी बात रखते हैं और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत करते हैं.
कौन हैं खलीलुर रहमान?
खलीलुर रहमान बांग्लादेश के अनुभवी राजनयिक हैं. फरवरी 2026 में उन्होंने विदेश मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी. इससे पहले वे बांग्लादेश की अंतरिम सरकार में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और रोहिंग्या शरणार्थी मुद्दे पर विशेष के रूप में काम कर चुके हैं. UNGA अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्होंने कहा कि भले ही वे ग्लोबल साउथ के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़े हैं, लेकिन अब वे सभी सदस्य देशों के हित में निष्पक्ष तरीके से काम करेंगे.
अपने विजन में उन्होंने दुनिया के सामने मौजूद कई बड़ी चुनौतियों पर ध्यान देने की बात कही है. इनमें युद्ध और संघर्षों को कम करना, जलवायु परिवर्तन से निपटना, मानवाधिकारों की रक्षा, तकनीक को सभी तक पहुंचाना और विकासशील देशों की आवाज़ को मजबूत बनाना शामिल है.
खास बात यह है कि बांग्लादेश के इतिहास में यह केवल दूसरा मौका है जब किसी बांग्लादेशी को संयुक्त राष्ट्र महासभा का अध्यक्ष चुना गया है. इससे पहले 1986 में हुमायूं रशीद चौधरी इस पद पर रह चुके हैं. बांग्लादेश के लिए बड़ी कूटनीतिक सफलता है.
भारत ने दी बधाई
UNGA के 81वें सत्र का अध्यक्ष चुने जाने पर भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि वह खलीलुर रहमान के साथ मिलकर दोनों देशों और दुनिया से जुड़े साझा मुद्दों पर काम करने के लिए उत्साहित हैं. उन्होंने यह भी कहा कि भारत बहुपक्षीय सहयोग (कई देशों के साथ मिलकर काम करने) को मजबूत करने के लिए तैयार है.
उन्होंने अपने X पर एक पोस्ट में कहा, "संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के अध्यक्ष चुने जाने पर बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान को बधाई. हमारी साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं.
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वथनेनी हरीश ने भी खलीलुर रहमान को बधाई दी और उनके कार्यकाल के सफल होने की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि भारत हमेशा संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में बहुपक्षवाद का समर्थन करता रहेगा.
खलीलुर रहमान की जीत को बांग्लादेश की एक बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है. यह जीत दिखाती है कि बड़ी संख्या में सदस्य देशों ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया है.
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भी उन्हें बधाई दी और कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है.
"संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र के लिए बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान को नया अध्यक्ष चुना गया है. मंगलवार को हुए चुनाव …"
