सोचिए फिल्म इंडस्ट्री में बिना किसी पहचान और फिल्मी बैकग्राउंड के करियर बनाना कितना कठिन होगा. जहां बड़े-बड़े डायरेक्टर्स, प्रोड्यूसर्स से मिलने के लिए भी पहचान की ज़रूरत होती है, उस दौर में ख़ुद का नाम बनाना भी उनके लिए कितना कठिन रहा होगा. आज हम उसी हस्ती की बात करने वाले हैं, जिन्होंने 2010 में अपने फ़िल्मी करियर की शुरूआत की और शुरुआती दिनों में ही लोगों के दिलों अपनी जगह बना ली.
अपने अतरंगी अंदाज़ और शानदार एयरपोर्ट लुक्स की वजह से भी वह हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं. उनकी इंस्टाग्राम पोस्ट्स और अनोखे आउटफिट्स अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाते हैं. इतना ही नहीं, अपनी पत्नी के प्रति प्यार, सम्मान और देखभाल दिखाने के अंदाज़ के कारण कई लड़कियां उन्हें सोशल मीडिया पर मज़ाकिया अंदाज़ में 'ग्रीन फॉरेस्ट' भी कहकर बुलाती हैं, क्योंकि वह अपनी शादीशुदा ज़िंदगी में एक बेहद केयरिंग और सपोर्टिव पार्टनर की छवि पेश करते हैं.
फैंस कहते हैं,
"वह सिर्फ एक ग्रीन फ्लैग नहीं हैं, बल्कि वह तो पूरा का पूरा 'ग्रीन फॉरेस्ट' (हरा-भरा जंगल) हैं!" यानी अच्छाई और प्यार के मामले में वे सबसे ऊपर हैं.
उनका जन्म 6 जुलाई 1985 को मुंबई में हुआ था. कहा जाता है कि वह बचपन से ही अभिनय करियर में अपनी पकड़ बनाना चाहते थे. उन्होंने अमेरिका की इंडियाना यूनिवर्सिटी ब्लूमिंगटन से ग्रेजुएशन पूरा किया और कॉलेज के दिनों में ही नाटकों और डिबेट में हिस्सा लेना शुरू किया.
आप सोच रहे होंगे कि हम जिनकी इतनी तारीफ़ कर रहे हैं, उनका नाम क्यों नहीं ले रहे हैं. दरअसल, वह लोगों के इतने चहेते हैं कि जैसे-जैसे हम अब उनके करियर की शुरुआत करेंगे, वैसे ही आप अनुमान लगा लेंगे कि आज किस दिग्गज अभिनेता का जन्मदिन है.
अभिनेता के करियर की शुरुआत
मुंबई लौटने के बाद, उन्होंने कुछ वर्षों तक 'O&M' (Ogilvy) और 'J. Walter Thompson' जैसी बड़ी एजेंसियों में कॉपीराइटर के रूप में काम किया.
लेकिन उनके फ़िल्मी करियर की शुरुआत इतनी आसान नहीं थी क्योंकि उन्हें कई ऑडिशन में रिजेक्शन का सामना करना पड़ा और उन्होंने कास्टिंग काउच जैसी चुनौतियों का भी डटकर सामना किया. यही नहीं फ़िल्मों में काम पाने के लिए उन्होंने अपना लंबा सरनेम “भवनानी” भी हटा दिया.
2010 में रखा फ़िल्मी दुनिया में पहला क़दम
एक्टर ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में आई उनकी पहली फ़िल्म 'बैंड बाजा बारात' में बिट्टू शर्मा के किरदार से की. जहां उन्होंने बतौर मुख्य अभिनेता अपने फिल्मी करियर की शानदार शुरुआत की. इस फ़िल्म में उन्होंने अनुष्का शर्मा के साथ काम किया था. इस फिल्म में बेहतरीन अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट मेल डेब्यू का पुरस्कार भी मिला।
इसके बाद उन्होंने 'लेडीज वर्सेस रिकी बहल' (2011), 'लुटेरा' (2013) और संजय लीला भंसाली की 'गोलियों की रासलीला राम-लीला' (2013) जैसी सफल फिल्मों में काम किया। 'राम-लीला' उनके करियर की पहली 100 करोड़ी फिल्म बनी.
उन्होंने मुख्य अभिनेता और कैमियो (विशेष भूमिका) सहित अब तक लगभग 21–22 फिल्मों में काम किया है. उन्होंने 2010 में बैंड बाजा बारात से बॉलीवुड में डेब्यू किया, जिसके बाद, गुंडे, किल दिल, दिल धड़कने दो और बाजीराव मस्तानी जैसी फिल्मों में अपनी पहचान बनाई. 2016 से 2019 के बीच बेफिक्रे, पद्मावत, सिम्बा और गली बॉय जैसी सफल फिल्मों से उन्होंने स्टारडम को और मजबूत किया.
हाल के वर्षों में उन्होंने घूमकेतु और सूर्यवंशी में कैमियो किया, जबकि 83, जयेशभाई जोरदार, सर्कस, रॉकी और रानी की प्रेम कहानी और सिंघम अगेन में मुख्य भूमिकाएं निभाईं. 2025 और 2026 में रिलीज हुई उनकी जासूसी थ्रिलर फिल्में धुरंधर और धुरंधर: द रिवेंज भी काफी सफल रहीं. इसके अलावा डॉन 3 और प्रलय जैसी आगामी फिल्मों पर भी वे काम कर रहे हैं.
85 से भी अधिक अवार्ड
उन्होंने अपने दमदार अभिनय के दम पर छोटे-बड़े 85 से भी अधिक अवॉर्ड्स जीते है. IMDb के डेटा के मुताबिक, यह अवॉर्ड्स 89 हैं. उनके 5 बड़े फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कारों में बेस्ट मेल डेब्यू – बैंड बाजा बारात (2011), बेस्ट एक्टर – बाजीराव मस्तानी (2016), बेस्ट एक्टर (क्रिटिक्स) – पद्मावत (2019), बेस्ट एक्टर – गली बॉय (2020), बेस्ट एक्टर – '83 (2022) शामिल हैं.
वहीं, 2026 में उन्होंने फ़िल्म धुरंधर के लिए बेस्ट एक्टर अवार्ड भी जीता था.
तो अब तो आपको पता लग ही गया होगा कि हम बात कर रहे हैं, बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रणवीर सिंह के बारे में. आज रणवीर अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं. सोशल मीडिया पर लोगों ने रणवीर को ढेर सारी बधाई दी है. और उनके हेल्थ और करियर की कामना भी की है.
ऑडिशन में मिले रिजेक्शन से लेकर बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों में शुमार होने तक का रणवीर सिंह का सफर इस बात का सबूत है कि अगर हौसले बुलंद हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती. अपनी अनोखी ऊर्जा, शानदार अभिनय और बेबाक अंदाज़ से उन्होंने करोड़ों दिलों में खास जगह बनाई है. जन्मदिन के इस खास मौके पर हम भी उन्हें ढेरों शुभकामनाएं देते हैं और उम्मीद करते हैं कि आने वाले सालों में भी वह अपनी दमदार फिल्मों से दर्शकों का इसी तरह मनोरंजन करते रहेंगे.
Happy Birthday Ranveer Singh!
"सोचिए फिल्म इंडस्ट्री में बिना किसी पहचान और फिल्मी बैकग्राउंड के करियर बनाना कितना कठिन होगा. जहां बड़े-बड़े डायरेक्टर्स, प्रोड्यूसर्स से म…"
