कांगो से भारत आए एक कारोबारी में इबोला के लक्षण देखने मिले है. इसके बाद उसे अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है. उसके संपर्क में आए तीन अन्य लोगों को भी अलग-अलग अस्पतालों में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है. सभी लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

यह कारोबारी 37 साल का है, जिसका नाम अमुरी लोकुला बताया गया है. वह इसी महीने कांगो से भारत आया था. जानकारी के मुताबिक वह सबसे पहले मुंबई पहुंचा, वह करीब पांच दिन रुका इसके बाद वह सिलवासा और दमन गया. फिर 22 मई को वह गुजरात के वडोदरा पहुंचा.

बुखार और सर्दी के बाद बढ़ी चिंता

वडोदरा पहुंचने के कुछ दिनों बाद कारोबारी की तबीयत खराब होने लगी. उसे तेज बुखार, सर्दी और कमजोरी की शिकायत हुई. इसके बाद 26 मई को उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों को उसके लक्षण इबोला वायरस जैसे लगे, जिसके बाद उसे तुरंत आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया.

स्वास्थ्य विभाग ने उन लोगों की भी पहचान शुरू कर दी जो पिछले कुछ दिनों में उसके संपर्क में आए थे, ऐसे तीन लोगों को भी निगरानी में रखा गया है ताकि संक्रमण फैलने का खतरा न रहे.

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने कहा कि सरकार पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. उन्होंने बताया कि मरीज और उसके संपर्क में आए लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने तक सभी को आइसोलेशन में रखा जाएगा.

अधिकारियों ने एयरपोर्ट, अस्पताल और दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों पर भी सतर्कता बढ़ा दी है. मेडिकल टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध मामले की तुरंत जांच की जाए.

क्या होता है इबोला वायरस?

इबोला एक गंभीर और खतरनाक वायरस बीमारी है. यह संक्रमित जंगली जानवरों (जैसे चमगादड़) के संपर्क में आने से इंसानों में प्रवेश करता है यह संक्रमित व्यक्ति के खून, शरीर के तरल पदार्थ या सीधे संपर्क से फैल सकती है. इसके शुरुआती लक्षणों में तेज बुखार, कमजोरी, सिर दर्द, गले में दर्द और शरीर में दर्द शामिल होते हैं. गंभीर मामलों में त्वचा, नाक और मुंह से अंदरूनी या बाहरी ब्लीडिंग की समस्या भी हो सकती है.

हालांकि अभी तक कारोबारी में इबोला की पुष्टि नहीं हुई है. डॉक्टरों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मामला इबोला का है या किसी दूसरी वायरल बीमारी का.

लोगों से घबराने नहीं, सतर्क रहने की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने से बचने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. सरकार का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति हाल ही में विदेश यात्रा करके आया है और उसे बुखार या गंभीर वायरल लक्षण महसूस हों, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.

"कांगो से भारत आए एक कारोबारी में इबोला के लक्षण देखने मिले है. इसके बाद उसे अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है. उसके संपर्क में आए तीन…"